nNBT न्यूज, लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय व ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के हजारों छात्र इन दिनों गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इन छात्रों को अब तक स्कॉलरशिप नहीं मिली है। इनमें सबसे अधिक संख्या सामान्य वर्ग के स्टूडेंट्स की है। अब ये छात्र यूनिवर्सिटी से लेकर समाज कल्याण विभाग के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन वहां कोई उनकी सुनवाई करने वाला नहीं है। छात्रों ने बताया कि स्कॉलरशिप के इंतजार में उन्होंने अप्रैल में कर्ज लेकर पाठ्यक्रम की आधी बकाया फीस जमा कर दी। लेकिन अब तक स्कॉलरशिप नहीं आई है।
भाषा विवि : 2891 छात्रों की ही आई स्कॉलरशिप : भाषा विवि में छात्रवृत्ति अनुभाग के नोडल अधिकारी डॉ. अकमल ने बताया कि उनके यहां 3,660 छात्रों ने छात्रवृत्ति का फॉर्म भरा है, जिसमें अब तक 2,891 छात्रों की ही स्कॉलरशिप आई है। इनमें भी कई छात्रों की पूरी रकम नहीं आई है। सामान्य वर्ग के 628 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें 215 को ही स्कॉलरशिप मिली है।


