n NBT न्यूज, शास्त्री पार्क
शास्त्री पार्क स्थित फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार देर रात आग लगने से लगभग 600 दुकानें जलकर राख हो गईं। इस हादसे में करोड़ों का नुकसान हुआ है। फायर कंट्रोल रूम को रात 11:57 पर मामले की सूचना मिली कि न्यू सीलमपुर मेट्रो स्टेशन के पास फर्नीचर मार्केट में आग लग गई है। फायर की 25 गाड़ियों ने सुबह 3:15 बजे के करीब आग पर काबू पाया। लोगों ने बताया कि 600 से ज्यादा छोटी बड़ी दुकानें जलकर खाक हुई हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ। एक फायरकर्मी आग बुझाने के दौरान मामूली रूप से चोटिल हो गए।
DCP आशीष मिश्रा ने बताया कि इस घटना को लेकर पुलिस ने 'आग लगाकर संपत्ति को नुकसान पहुंचाने' की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। मार्केट की दुकानें बंद होने के बाद अचानक आग लगी और फैलती चली गई। दुकानों में मौजूद भारी मात्रा में लकड़ी, फोम और केमिकल के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में भयानक रूप ले लिया। आग पर शनिवार सुबह 3:15 बजे के आसपास काबू पाया गया। लेकिन कूलिंग और सर्च ऑपरेशन देर शाम तक जारी रहा।

