हवा में घुले प्रदूषण से फेफड़े ही नहीं त्वचा भी हो रही खराब, बढ़े मरीज़
हवा में घुले प्रदूषण से फेफड़े ही नहीं त्वचा भी हो रही खराब, बढ़े मरीज़
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव
दिवाली के बाद शहर की हवा में बढ़े प्रदूषण का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। हवा में मौजूद सूक्ष्म प्रदूषक कण फेफड़ों तक पहुंचकर सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। इसका असर अस्पतालों की ओपीडी में भी नजर आया। दो-तीन दिन की छुट्टियों के बाद मंगलवार को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में ढाई हजार से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें लगभग 500 मरीज खांसी, जुकाम, बुखार और सांस लेने में परेशानी की शिकायत लेकर आए।सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल की फिजिशियन डॉ. काजल कुमुद ने बताया कि प्रदूषण बढ़ने पर लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। दमा के मरीज नियमित दवाएं लें और इनहेलर का इस्तेमाल बंद न करें। प्रदूषण का असर त्वचा पर भी दिख रहा है। नागरिक अस्पताल के त्वचा विशेषज्ञ डॉ. नीरज के अनुसार रोजाना करीब 200 मरीज त्वचा संबंधी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। इनमें खुजली, लाल चकत्ते, एलर्जी और जलन की समस्याएं शामिल हैं। उन्होंने बाहर से आने के बाद चेहरा और हाथ साफ करने और त्वचा पर मॉइश्चराइजर लगाने की सलाह दी। लगातार सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न या त्वचा पर गंभीर एलर्जी होने पर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
पचगांव में AQI 366, टेरी ग्राम में 395 पहुंचा: प्रदूषण का असर सिर्फ शहर तक सीमित नहीं है। मंगलवार शाम चार बजे गुड़गांव का औसत AQI जहां 323 था, वहीं पचगांव में यह 366 और मानेसर में 284 दर्ज किया गया। ग्वाल पहाड़ी में 352 और गुड़गांव-फरीदाबाद रोड स्थित टेरी ग्राम एरिया में एक्यूआई 395 दर्ज किया गया।
मानेसर के तीन पीएचसी में पहुंचे 385 मरीज: क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण और दिवाली के बाद खराब हुई हवा से मानेसर के कासन, भांगरौला और नखड़ौला स्थित तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में करीब 385 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें अधिकतर मरीज गले में खराश, खांसी, जुकाम और सांस लेने में परेशानी की शिकायत लेकर आए। इसके अलावा कई लोगों ने आंखों में जलन की समस्या भी बताई।