ज़िला अस्पताल में एक ही बेड पर हो रहा महिला पुरुष का इलाज
ज़िला अस्पताल में एक ही बेड पर हो रहा महिला-पुरुष का इलाज
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव
सेक्टर-10 स्थित जिला अस्पताल में बेड की कमी और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि इमरजेंसी वॉर्ड में एक ही बेड पर महिला और पुरुष मरीज को एक साथ लिटाकर उपचार दिया जा रहा है। NBT टीम ने अस्पताल का जायजा लिया तो हैरान करने वाली तस्वीर दिखी। एक ही बेड पर लेटे पुरुष मरीज को ग्लूकोज और इंजेक्शन के जरिये दवाएं दी जा रही थीं, जबकि उसी बेड पर दूसरी तरफ महिला मरीज को ऑक्सिजन लगाई गई थी। महिला की देखभाल के लिए मौके पर कोई नर्स भी मौजूद नहीं थी।अस्पताल में दो इमरजेंसी वॉर्ड हैं। इनर वॉर्ड में 6 बेड हैं, जबकि आउटर इमरजेंसी में 11 बेड हैं। अस्पताल की ओपीडी में करीब 2500 मरीज रोजाना पहुंचते हैं। मरीजों का दबाव अधिक होने से सीमित संसाधनों में व्यवस्था संभालना चुनौती बन गया है। आरएमओ डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि इमरजेंसी वॉर्ड में छह-छह घंटे की शिफ्ट के हिसाब से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। सुबह की शिफ्ट में पांच से छह नर्सें, जबकि शाम और रात में 3 से 4 नर्सें तैनात रहती हैं।