धूल उड़ाने पर पांच कंस्ट्रक्शन साइट सील, 3 उद्योग विहार में
धूल उड़ाने पर पांच कंस्ट्रक्शन साइट सील, 3 उद्योग विहार में
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर में बढ़ते प्रदूषण के बीच निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल पर लगाम लगाने के लिए हरियाणा स्टेट पलूशन कंट्रोल बोर्ड (HSPCB) ने सख्ती शुरू कर दी है। बोर्ड की गुड़गांव नॉर्थ रीजनल ऑफिस की टीम ने नियमों का पालन नहीं करने पर पांच कंस्ट्रक्शन साइट को सील कर दिया। इनमें से तीन साइट उद्योग विहार में हैं। इस कार्रवाई से निर्माण स्थलों पर हड़कंप मच गया है।बोर्ड की टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि इन साइट पर वायु प्रदूषण रोकने के लिए कमीशन फॉर एयर क्वॉलिटी मैनेजमेंट (CAQM) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा साइट संचालकों ने जरूरी शर्तों को भी पूरा नहीं किया था। HSPCB गुड़गांव नॉर्थ के क्षेत्रीय अधिकारी हरीश कुमार ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान धूल उड़ने से आसपास के इलाकों की हवा प्रदूषित होती है। साइट संचालकों को पानी का छिड़काव, निर्माण सामग्री को ढकने के इंतजाम करने होंगे। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वाली साइट के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सील की गईं साइटों में सेक्टर-15 स्थित अल्फाकॉर्प स्काई-1 सहित अन्य के नाम शामिल हैं।