भाई दूज में छिपा विश्व एकता का आध्यात्मिक सूत्र

Contributed by: ब्रह्मा कुमारी शुक्ला|नवभारतटाइम्स.कॉम•
bhai dooj spiritual message of world unity and the spirit of vasudhaiva kutumbakam
दीपावली का पांच दिवसीय उत्सव धनतेरस से शुरू होकर भाई दूज पर संपन्न होता है। भाई दूज भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के मंगल की कामना का पर्व है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, भाई दूज का संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना से है। कार्तिक शुक्ल द्वितीया को यमराज अपनी बहन के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका तिलक कर प्रेमपूर्वक स्वागत किया। प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया कि इस दिन बहन के घर जाकर उसका आतिथ्य स्वीकार करने वाले भाई को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। इसलिए इसे यम द्वितीया भी कहते हैं। एक अन्य कथा के अनुसार, नरकासुर वध के बाद द्वारका लौटे श्रीकृष्ण का बहन सुभद्रा ने तिलक लगाकर स्वागत किया और उनके मंगलमय जीवन की कामना की।

भाई दूज का संदेश इन पौराणिक कथाओं और पारिवारिक रिश्तों तक सीमित नहीं है। इसका आध्यात्मिक अर्थ कहीं अधिक व्यापक है। आध्यात्मिक दृष्टि से हम सभी एक परमपिता परमात्मा की संतान हैं। शरीर, जाति, धर्म, भाषा और देश के आधार पर भले ही हमारी पहचान अलग-अलग हो, लेकिन आत्मिक रूप से हम सब एक ही परिवार के सदस्य हैं। यही भावना 'वसुधैव कुटुंबकम्' और विश्व बंधुत्व का आधार है।
आज जब दुनिया युद्ध, धार्मिक कट्टरता, सामाजिक विभाजन, हिंसा और आपसी अविश्वास से जूझ रही है, तब भाई दूज का यह संदेश और भी प्रासंगिक हो जाता है। केवल अपने परिवार और रिश्तेदारों के प्रति प्रेम जताना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इस भावना का विस्तार समाज और समूची मानवता तक होना चाहिए।

किसी भी पर्व की सार्थकता उसके भीतर छिपे जीवन-दर्शन को अपनाने में है। भाई दूज हमें सिखाता है कि प्रेम स्वार्थरहित हो, संबंधों में सम्मान हो और हर व्यक्ति के प्रति कल्याण की भावना हो। जब यह चेतना व्यक्तिगत जीवन से निकलकर सामूहिक जीवन का हिस्सा बनेगी, तभी परिवार से समाज और समाज से पूरे विश्व तक प्रेम, शांति व भाईचारे का विस्तार संभव होगा।