India Alliance No Time To Discuss Pm Face Emphasis On Unity
पीएम पद के चेहरे पर चर्चा का समय नहीं
नवभारतटाइम्स.कॉम•
INDIA गठबंधन में शामिल दलों के बीच कई राज्यों में राजनीतिक विरोधाभास हैं। हालांकि CPM महासचिव एमए बेबी का मानना है कि हालिया विरोध-प्रदर्शनों ने विपक्ष को एकजुट करना शुरू किया है। हेमंत राजौरा ने उनसे बातचीत की :
nINDIA गठबंधन की एकजुटता साझा मंचों और विरोध-प्रदर्शनों में तो दिखाई देती है, लेकिन क्या यह चुनावी सहयोग में भी बदलेगी?INDIA गठबंधन केवल चुनावी व्यवस्था नहीं है। यह उस लोकतांत्रिक स्पेस को फिर से हासिल करने का मंच है, जिसे देश में व्यवस्थित तरीके से कमजोर किया गया है। क्षेत्रीय स्तर पर मतभेदों के बावजूद राजनीतिक दल साझा मंचों पर साथ आए हैं। हमारी समझ है कि किसी राज्य में विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी को दूसरे दलों को साथ लेकर चलने की पहल करनी चाहिए, ताकि बंटे हुए विपक्ष का फायदा NDA को न मिले। SIR के खिलाफ संयुक्त विरोध-प्रदर्शनों ने विपक्ष को इस दिशा में एकजुट करना शुरू किया है।
nक्या राहुल गांधी को INDIA गठबंधन के स्वाभाविक नेता के रूप में स्वीकार किया जा रहा है?
राहुल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में से एक हैं। कांग्रेस INDIA गठबंधन का सबसे बड़ा राजनीतिक घटक है। इसलिए गठबंधन में उनकी भूमिका स्वाभाविक रूप से महत्वपूर्ण है। हालांकि अभी साझा नेता या राष्ट्रीय चेहरे की घोषणा जैसी तकनीकी चर्चाओं में उलझने का समय नहीं है।
nकेरलम में कांग्रेस और CPM राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं, जबकि पश्चिम बंगाल में CPMऔर TMC। ऐसे विरोधाभासों के बीच विपक्षी एकता कितनी व्यावहारिक है?
यह हमारे राष्ट्रीय जीवन का कठिन दौर है। हमने केरलम में कांग्रेस और पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के साथ अपने मतभेद कभी नहीं छिपाए। पहले भी वामपंथ ने सांप्रदायिक सोच को सत्ता से बाहर रखने के लिए कांग्रेस का समर्थन किया था।
nक्या CPM पश्चिम बंगाल में TMC के साथ राजनीतिक गठबंधन की संभावना देखती है?
ऐसे मामलों पर विचार करके फैसला लेना राज्य इकाई का काम है। केंद्रीय नेतृत्व उचित सुझाव देने के लिए हमेशा उपलब्ध है। राज्य स्तर पर भी BJP के सत्ता में आने के बाद परिस्थितियां बदल गई हैं। पश्चिम बंगाल को इस स्थिति से बाहर निकालने के लिए हर स्तर पर प्रयास करने की जरूरत है।
nक्या चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल हैं?
मीडिया में हुए खुलासों और चुनाव आयोग द्वारा अपने पहले के फैसलों से पीछे हटने की घटनाओं से स्पष्ट है कि SIR की पूरी कवायद चुनावों को कमजोर करने के उद्देश्य से की गई थी। इस सरकार का लगभग हर कदम जनता की इच्छा को बाधित करने की दिशा में रहा है।
nराष्ट्रीय राजनीति में वामपंथ का प्रभाव घटने की क्या वजह है?
इस गिरावट के कई कारण हैं और उनसे उबरने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। वैसे मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि वामपंथ जिस राजनीतिक दृष्टिकोण की बात करता है, उसे चुनावी आंकड़ों, संगठनात्मक ताकत और राजनीतिक ढांचे से कहीं आगे भी स्वीकार्यता मिल रही है।
nCPM के भविष्य को लेकर आपका क्या विजन है?
हमारी स्पष्ट सोच है कि बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं को नेतृत्व की भूमिकाओं में लाया जाना चाहिए। राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टिकोण में बदलाव शुरू हो चुके हैं।