इंसानी कमज़ोरियों से ख़तरे में Nvidia

नवभारतटाइम्स.कॉम•
nvidia ceo jensen huangs troubles mount ai chip company faces threat from human weaknesses
एनविडिया (Nvidia) के CEO जेनसन हुआंग के चीनी कारोबारी महिला से संबंध स्वीकार करने के बाद अमेरिकी एजेंसियां इसे चीन को AI चिप निर्यात की छूट दिलाने की कोशिश से जोड़कर देख रही हैं। मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि एनविडिया दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनियों में शामिल है। इसकी चिप आज AI की दुनिया को आगे बढ़ा रही हैं। चीन इन्हें हासिल करना चाहता है, जबकि अमेरिका अपनी तकनीकी बढ़त खोना नहीं चाहता। कंपनी दोनों देशों के बीच चल रही होड़ का अहम हिस्सा बन गई है।

उत्तराधिकारी नहीं । माइक्रोसॉफ्ट के सत्य नडेला और गूगल के सुंदर पिचाई के उलट जेनसन ने अपने बूते एनविडिया खड़ी की है। 1993 में शुरुआत कर उन्होंने तीन दशक में इसे दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल कर दिया। वह इसके सिर्फ CEO नहीं, मुख्य इंजीनियर, रणनीतिकार और प्रचारक भी हैं। जनरेटिव AI के बाद वह रोबॉटिक्स और फिजिकल AI पर भी काम कर रहे हैं। उनकी दूरदृष्टि और नेतृत्व ने एनविडिया को ताकतवर बनाया है, लेकिन एक कमजोरी है कि फिलहाल उत्तराधिकारी नजर नहीं आता।
दो चुनौतियां । हुआंग की छवि को नुकसान पहुंचा है। हालांकि कंपनी के मजबूत कारोबार और उसकी चिप की भारी मांग के कारण इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। दूसरी बड़ी चिंता राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर है। हुआंग चीन को अडवांस्ड चिप बेचने के पैरोकार रहे हैं। उनका तर्क है कि चीन को बाहर रखने से अमेरिका को नुकसान होगा। लेकिन, अगर आरोप सही निकले, तो सवाल उठेंगे कि क्या निजी संबंधों का इस्तेमाल कंपनी की नीतियों और अमेरिकी सरकार को प्रभावित करने के लिए किया गया।

भविष्य पर सवाल । अभी इन आरोपों को सच नहीं माना जा सकता। एनविडिया ने भी कहा है कि कंपनी की गोपनीय जानकारी या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि विवाद ने कंपनी के भविष्य और नेतृत्व पर सवाल जरूर खड़े किए हैं। पर ऐसा भी नहीं है कि कल अगर हुआंग कंपनी में नहीं रहेंगे, तो एनविडिया पर ज्यादा असर होगा। उसके पास मजबूत तकनीक और बड़ा कारोबार है। हां, नजरें इस पर रहेंगी कि हुआंग के बिना वह आगे नई तकनीकों को पहचानकर बाजार में बढ़त बरकरार रख सकेगी या नहीं।

आगे की योजना । इस विवाद ने इतना बता दिया कि एनविडिया को सिर्फ हुआंग पर निर्भर रहने के बजाय भविष्य के नेतृत्व की तैयारी करनी होगी। कंपनी को ऐसी व्यवस्था बनानी होगी, जो उनके बिना भी मजबूती से काम कर सके। हुआंग अपना जीवन ऐसी मशीनें बनाने में लगा रहे हैं, जो इंसानों की तरह सोच और फैसले कर सकें। लेकिन, उनकी बनाई कंपनी के लिए सबसे बड़ा खतरा किसी तकनीक या प्रतिस्पर्धी से नहीं, इंसानी स्वभाव है। यही इसका सबसे बड़ा विरोधाभास है कि AI के दौर में भी इंसान अपनी कमजोरियों से नहीं बच पाया है।

(लेखक AI&Beyond के संस्थापक हैं)