Pawars Unity Bjps Gamble In Maharashtra Politics Preparing To Shock The Opposition
पवार की एकता से किसे फ़ायदा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
महाराष्ट्र में NCP के दोनों गुटों में विलय की पिछले दो हफ्ते से चल रही चर्चाएं शायद कुछ समय के लिए थम जाएं। सुनेत्रा पवार गुट के कुछ नेता BJP की शह पर विलय के इच्छुक थे, जबकि शरद पवार गुट ने साफ मना कर दिया। इसके पीछे तीनों दलों की अपनी-अपनी मजबूरियां और दांवपेंच हैं।
मुलाकातों का दौर । अजित पवार के जाने के बाद उनके गुट में असंतोष उभर कर सामने आया। BJP ने इसे और हवा दी। उनके दो धड़े अमित शाह से अलग-अलग मिले। पहले सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ ने मुलाकात की। इसके कुछ दिनों बाद असंतुष्ट धड़े में से प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, सुनील तटकरे, दिलीप वलसे-पाटिल, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे और समीर भुजबल का प्रतिनिधिमंडल अमित शाह से मिला। इस बार सुनेत्रा और पार्थ नहीं थे। इससे तस्वीर उभरी कि मां-बेटा एक तरफ, बाकी नेता दूसरी तरफ।अस्पताल में बैठक । इस बीच, शरद पवार गुट आस्ते चलो की नीति अपनाए हुए था। जब खुद शरद पवार पुणे के अस्पताल में थे, तो सुनेत्रा पवार ने पार्थ के साथ मुलाकात की। हालांकि उन्होंने कोई संकेत नहीं दिया। जब उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में रेफर किया गया, वहां भी सुनेत्रा और पार्थ मिलने गए। बताते हैं कि अस्पताल में ही सुनेत्रा, पार्थ और शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले के बीच गुप्त बैठक भी हुई। पार्थ बाद में भी शरद पवार से मिले। वहीं, असंतुष्ट शिविर के प्रफुल्ल पटेल भी ब्रीच कैंडी में शरद पवार से मिलने गए थे, लेकिन बाद में चर्चा का आश्वासन लेकर लौट गए। निष्कर्ष यह कि शरद पवार ही विलय चर्चा के केंद्र में रहे।
BJP की भूमिका । इस पूरे मसले में BJP की परदे के पीछे भूमिका दिखाई देती है। वह NCP के दोनों गुटों के विलय और उनके NDA के साथ आने की पक्षधर थी। विलय के लिए केंद्र ने उन्हें लॉलीपॉप भी दिखाया था। योजना यह थी कि यदि विलय होता है तो केंद्र में सुप्रिया सुले को कैबिनेट मंत्री पद और इसी गुट के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल को राज्य में वित्त मंत्री पद दिया जाता। इसमें सुनेत्रा पवार और पार्थ को किनारे रखकर भी विलय की बात चल रही थी। उनके गुट में से और किसी वरिष्ठ नेता को कोई पद देने की संभावना थी। प्रफुल्ल पटेल की शरद पवार से मुलाकात का शायद यह भी संदर्भ रहा होगा।
झटका देने की कोशिश । प्रश्न यह है कि ऐसे किसी विलय के पीछे BJP इतनी उत्सुक क्यों है? जवाब है कि शरद पवार इंडिया ब्लॉक के सबसे वरिष्ठ नेता हैं। उनके NDA के साथ आने से विपक्ष के अभियानों को झटका लग सकता है। महाराष्ट्र में हाल के विधान परिषद चुनावों में शरद पवार और कांग्रेस ने तीन सीटें जीतकर इंडिया ब्लॉक का दबदबा बनाया है। 2029 के चुनावों तक इस तरह के मोमेंटम को रोकने के लिए क्षेत्रीय दलों को जोड़ने की BJP की कोशिश है।
दूसरा मामला । BJP को दो बहुचर्चित विधेयक पारित करने के लिए संसद में संख्या बल बढ़ाने की जरूरत है। ये विधेयक हैं- निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन और महिला आरक्षण। परिसीमन में नए निर्वाचन क्षेत्र बनने हैं, जबकि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं की सीटों में 33% आरक्षण देना है। दोनों संविधान संशोधन विधेयक हैं और पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत जरूरी है।
कई संभावनाएं । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार के बीच अच्छे रिश्ते हैं। शरद पवार को नरेंद्र मोदी अपना ‘राजनीतिक गुरु’ कह चुके हैं। उनकी बीमारी के दौरान हालचाल पूछते समय मोदी ने उनसे कहा, ‘आप अब विश्राम कीजिए। सुप्रिया और हम देश को संभाल लेंगे।’ यह शरद पवार को ‘निवृत्ति’ की सलाह मानी जा सकती है। क्या ऐसी कोई संभावना हो सकती है कि शरद पवार और सुनेत्रा, दोनों को माइनस कर NCP का एका हो जाए या क्या यह भी संभव है कि NCP के दोनों गुट चुनावों के दौरान गठबंधन कर साथ रहें और अपना स्वतंत्र अस्तित्व भी बनाए रखें? व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के चलते टूटे दलों के साथ ऐसी संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। सच यही है कि राजनीति में कोई चीज स्थायी नहीं होती।