'सोणी' पापड़ी!

नवभारतटाइम्स.कॉम•
soni papdi diwalis most affordable and face saving sweet
मैं सोन पापड़ी के पैकेट को बड़े गौर से देख रहा हूं। उलट रहा हूं, पलट रहा हूं। वही कंपनी, वही साइज, वही रेट। रैपर का चटख रंग भी वही। मैं विस्मित होकर बीवी से पूछ रहा हूं कि यह उन्हीं दर्जनभर पैकेटों में से एक तो नहीं, जो हमने चार दिन पहले बाजार से खरीदे थे और कई नातेदारों को भेंट किए थे। मोबाइल में रील देखने में व्यस्त बीवी ने मेरा सवाल सुना जरूर, लेकिन इग्नोर कर दिया। कोई जवाब न देकर वह शायद यह कहना चाह रही हों कि आखिर मैं कौन-सी दुनिया में रहता हूं? रिश्तेदारी में ऐसा व्यवहार अब शिष्टाचार की ही परिधि में आता है। या फिर वह यह बताना चाह रही हों कि कंपनी सिर्फ हमारे लिए ही दर्जनभर स्पेशल पैकेट तैयार नहीं करती।

बात यह है कि अभी थोड़ी देर पहले हमारे एक रिश्तेदार सपत्नीक आए थे दिवाली की बधाई देने और यही सोन पापड़ी का पैकेट थमा गए, जिसे मैं नजरें गड़ा-गड़ा कर देख रहा हूं। सहसा मुझे याद आया कि पिछले साल भी उन्होंने हमें सोन पापड़ी ही भेंट की थी। और हमने? हमने भी तो पिछले साल दिवाली की भेंट के लिए दर्जनभर पैकेट खरीदे थे सोन पापड़ी के। बैठे-ठाले गजब का शोध हो गया यह तो! दरअसल अब ज्यादातर घरों में गुझियां नहीं बनतीं। बेसन के लड्डू, सेव, मठरी या चिवड़ा भी नहीं बनते। ऐसे में इस घर से मिली सोन पापड़ी के उस घर पहुंच जाने की आशंका कतई निर्मूल नहीं। इस महंगाई के दौर में सोन पापड़ी ही वह मिठाई है, जो एक बड़े वर्ग की तारणहार बनी हुई है। न गिफ्ट लेने में संकोच, न गिफ्ट देने में दिक्कत। असल में इसी 'सोणी' पापड़ी ने बचाई है घर-घर की इज्जत!