63 Reduction In Stubble Burning Incidents In Up Still Ranks Fourth
इस बार यूपी में कम उठा पराली का धुआं
Contributed by: deep.singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
यूपी में इस बार बहुत कम पराली जली है। अब तक के आंकड़ों को देखा जाए तो पिछले साल के मुकाबले पराली जलाने की घटनाओं में 63% तक कमी आई है। इसके बावजूद पराली जलाने में यूपी देश में चौथे नंबर पर है।अब तक 689 घटनाएं दर्ज की गईं : यूपी में पूरे सीजन (15 सितंबर से 30 नवंबर तक) में देखा जाए तो पिछले छह साल में सबसे ज्यादा पराली जलाई गई थी। पिछले साल 10 नवंबर तक पराली जलाने की 1902 घटनाएं दर्ज की गई थीं। इस साल अब तक 689 घटनाएं ही दर्ज की गई हैं। देश के राज्यों की तुलना की जाए तो इस साल अब तक पंजाब में सबसे अधिक 5002 घटनाएं घटी हैं। दूसरे नंबर पर मध्य प्रदेश है जहां 2,145 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। वहीं, राजस्थान में 1335 घटनाएं दर्ज की गई हैं।
ये हैं वजहें : पराली जलाने की घटनाओं में कमी के कई कारण हैं। जानकारों का मानना है कि इस बार अक्टूबर में बारिश हुई। उस वजह से किसानों ने फसल की कटाई देर से शुरू की। वहीं, सरकार का दावा अलग है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का कहना है कि हमने लगातार किसानों को जागरूक किया है। पराली से खाद बनाने के लिए प्रेरित किया है। खाद और कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी ) बनाने की मशीनें भी अनुदान पर दी हैं। इस वजह से इस बार घटनाएं कम हुई हैं।