कॉलेज में चलाया अभियान, युवाओं को नशे से दूर रहने के बताए तरीके

नवभारतटाइम्स.कॉम•
anti drug campaign in college scientific and practical ways to stay away from drugs told to youth
nNBT न्यूज, बल्लभगढ़

युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए बल्लभगढ़ सिटी थाना पुलिस की ओर से सेक्टर-2 स्थित सुषमा स्वराज कॉलेज में नशा विरोधी जागरूकता एवं वेलनेस सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें कॉलेज के स्टूडेंट्स और स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम में आचार्य करमवीर ने युवाओं को तनावमुक्त जीवन जीने के वैज्ञानिक और व्यावहारिक तरीके बताए। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेमिनार का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के साथ उन्हें नशा विरोधी अभियान का एंबेसडर बनाना था। आचार्य करमवीर ने प्राकृतिक चिकित्सा , अष्टांग योग, ध्यान, श्वसन विज्ञान और तनाव प्रबंधन की तकनीकों की जानकारी दी। तनाव और जीवन की चुनौतियों से निपटने के लिए नशे का सहारा लेना समाधान नहीं है। इससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है।
नशे के बजाय खेलकूद में लगाएं ऊर्जा : कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद व सामाजिक गतिविधियों में लगाने का संदेश दिया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने जीवनभर नशे से दूर रहने और नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की सभी स्टूडेंट्स और स्टाफ ने शपथ ली। पुलिस ने आमजन से भी नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की।

रेकमेंडेड खबरें