पूरी काशी में दिखे देव दीपावली का उल्लास: योगी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
dev deepawalis joy across kashi cm yogi gives instructions for grand celebration
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि देव दीपावली का उल्लास केवल गंगा घाटों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरी काशी में इसकी भव्यता और आध्यात्मिक आभा दिखाई देनी चाहिए। बुधवार को सरकारी आवास पर गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है। देश और विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस वर्ष काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने वाले रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार दीपकों का भी व्यापक उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष दीपोत्सव आयोजन के निर्देश दिए। साथ ही 24 नवंबर को पड़ रही गुरु नानक जयंती के मद्देनजर गुरुद्वारों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा।

10 जोन में बंटे घाट

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। 27 वॉच टावर, क्यूआरटी, एंटी-रोमियो स्क्वॉड, ड्रोन कैमरे, गोताखोर और ई-स्कूटर पर पर्यटक पुलिस तैनात रहेगी। वहीं नदी में पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे नावों का संचालन अधिक व्यवस्थित ढंग से हो सकेगा। योगी ने 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, दीपदान के तत्काल बाद घाटों की सफाई करवाने तथा पर्यटकों को उचित दरों पर सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए होटल, टैक्सी और रेस्टोरेंट संचालकों से समन्वय बनाने के निर्देश भी दिए।

रेकमेंडेड खबरें