Orbital Rail Corridor Tunnels Ground Subsides For The Fourth Time Questions Raised On Construction Quality
चौथी बार धंसी ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर की टनल की ज़मीन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नूंह
दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए बनाई जा रही हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर (एचओआरसी) परियोजना की टनल में बार-बार जमीन धंस रही है। मंगलवार को एक बार फिर टनल के 125 मीटर से अधिक हिस्से में जमीन धंस गई। करीब 40 दिनों के भीतर यह चौथी घटना है। वहीं, क्षेत्र के करीब आधा दर्जन मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें आने की बात भी सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं ने करोड़ों रुपये की परियोजना के निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, इससे पहले 10 अक्टूबर को टनल के करीब 500 मीटर हिस्से में धंसाव हुआ था। इसके बाद 30 अक्टूबर को तीसरी बार जमीन धंसने की घटना सामने आई। अब 10 नवंबर को चौथी बार 125 मीटर से अधिक हिस्से में जमीन धंस गई।ग्रामीणों और किसानों की मांग है कि टनल निर्माण में अपनाई जा रही तकनीक, क्षेत्र की भूगर्भीय स्थिति, मिट्टी की पकड़ और सुरक्षा मानकों की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही, प्रभावित किसानों की फसलों और मकानों को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। मामले में डीसी अखिल पिलानी ने कहा कि संबंधित क्षेत्र की पहले ही पहचान कर बैरिकेडिंग की जा चुकी है। इसमें कोई नया क्षेत्र शामिल नहीं किया गया है। संबंधित विभाग की ओर से केवल पहले से चिह्नित क्षेत्र में स्ट्रेंथनिंग का कार्य किया जा रहा है।