प्रदेशभर की पैथॉलजी लैब की होगी जांच, 30 दिन के रिपोर्ट तलब

Contributed by: ranvijay.singh1|नवभारतटाइम्स.कॉम•
pathology labs across the state to be inspected report sought in 30 days
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : निजी पैथॉलजी लैब के मानक और वहां तैनात डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की योग्यता जांचने को हर जिले में स्वास्थ्य विभाग अभियान चलाएगा। शासन के निर्देश पर महानिदेशक की तरफ से इसे लेकर हर जिले के सीएमओ और मंडलों के अपर निदेशकों को पत्र भेजा गया है। इसके तहत अगले 30 दिनों के भीतर टीमें बनकर निजी पैथॉलजी लैब, डायग्नॉस्टिक सेंटर और कलेक्शन सेंटर का विशेष निरीक्षण कराया जाएगा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण की तरफ से जारी पत्र के मुताबिक गठित टीम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और एक पैथॉलजिस्ट अनिवार्य रूप से शामिल होंगे। पूरी जांच की विडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। निरीक्षण में लैब का पंजीकरण, पैथॉलजिस्ट की योग्यता और वास्तविक उपस्थिति के साथ जांच रिपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया की पड़ताल होगी।
इसके अलावा लैब में जांच की दरें भी मानकों के मुताबिक होनी चाहिए, हर भुगतान की रसीद देना और शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर से दिखाना अनिवार्य होगा। सभी सीएमओ को अभियान की रिपोर्ट 30 दिन में और इसके बाद हर महीने पांच तारीख तक महानिदेशालय को भेजनी होगी।

रेकमेंडेड खबरें