Wazirpur Village Rainywell Pipeline Leakage Contaminated Water Supply Fmda Negligence
एक महीने से वजीरपुर गांव में रेनीवेल वाॅटर पाइपलाइन में लीकेज
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
ग्रेटर फरीदाबाद के वजीरपुर गांव में रेनीवेल वाॅटर पाइपलाइन लीकेज को दुरुस्त करने में फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) के अधिकारी दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। इससे शहर की कॉलोनी और सेक्टरों में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। यह समस्या करीब एक महीने से बनी हुई है, लेकिन अभी तक इसका स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। यह पानी छांयसा माइनर में जमा हो रहा है।रेनीवेल की लाइन यमुना किनारे बसे गांव ददसिया से शहर में आ रही है। यह लाइन विभिन्न गांवों से होकर गुजर रही है। वजीरपुर गांव की छांयसा माइनर के निकट से लाइन जा रही है, जहां यह लाइन लीक हो रही है। लीकेज होने के कारण पानी आसपास और माइनर में भी भर रहा है। लीकेज होने के कारण साफ पानी के साथ दूषित पानी घरों तक पहुंच रहा है। ऐसे में इस पानी का इस्तेमाल पीने और खाना बनाने के लिए करना मुश्किल हो रहा है। मजबूरी में लोगों को पीने के पानी के लिए दूसरे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, पर समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।