Anpr Cameras At Petrol Pumps No Fuel Without Puc Now Number Plate Scanning For Verification
पेट्रोल पंपों पर ANPR कैमरे लगाने का काम शुरू
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, गुड़गांव
अब पेट्रोल पंप पर फ्यूल भरवाने पहुंचने वाले वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन होगी। गाड़ी का नंबर ऑनलाइन रेकॉर्ड से मिलान होते ही पता चल जाएगा कि उसका पलूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट (PUCC) वैध है या नहीं। सर्टिफिकेट नहीं होने पर पेट्रोल पंप से पेट्रोल, डीजल या CNG नहीं मिलेगी।इस व्यवस्था को लागू करने के लिए रविवार से शहर के पेट्रोल पंपों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाने का काम शुरू हो गया। सबसे पहला कैमरा पुलिस आयुक्त कार्यालय के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर लगाया गया है। जिला परिवहन अधिकारी संजीव सिंगला ने बताया कि शहर के 330 पेट्रोल पंपों पर हाईटेक ANPR कैमरे लगाए जाने हैं। रविवार को एक कैमरा लगाया गया, जबकि सोमवार से बाकी पेट्रोल पंपों पर भी इंस्टॉलेशन का काम शुरू होगा। कैमरे वाहन की नंबर प्लेट को स्कैन करेंगे और ऑनलाइन डेटाबेस से उसका मिलान करेंगे। इससे यह पता चल सकेगा कि वाहन के पास वैध PUCC है या नहीं। इस व्यवस्था से बिना प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र वाले वाहनों की पहचान करना आसान होगा। ऐसे वाहनों को फ्यूल देने पर रोक रहेगी।
कर्मचारियों की होगी ज़िम्मेदारी: सभी पेट्रोल पंपों पर नोटिस बोर्ड भी लगाए जाएंगे। इन पर साफ लिखा होगा कि वैध PUCC नहीं होने पर वाहन को फ्यूल नहीं दिया जाएगा। जब तक सभी पंपों पर ANPR कैमरे लगाने का काम पूरा नहीं होता, तब तक पेट्रोल पंप कर्मचारी वाहनों के PUCC की जांच करेंगे। सर्टिफिकेट नहीं मिलने पर फ्यूल देने से मना किया जाएगा। इस दौरान आधिकारिक रेकॉर्ड के लिए वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज किया जाएगा। जिला परिवहन अधिकारी के मुताबिक, बिना वैध PUCC के वाहन चलाने पर मोटर वाहन नियमों के तहत 10 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।