Blue Sky Yet Gurgaons Aqi Near 300 Rising Pollution Threat
धूप खिली तो दिखा नीला आसमां, फिर भी AQI रहा 300 के करीब
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, गुड़गांव
धूप खिलने का असर रविवार को साफ नजर आया। कई दिन बाद नीला आसमान दिखा। रविवार सुबह कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि प्रदूषण के स्तर में खास कमी नहीं हुई। सड़कों पर सामान्य दिनों के मुकाबले कम ट्रैफिक और इंडस्ट्रियल गतिविधियों में कमी के बावजूद गुड़गांव देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों में आठवें नंबर पर रहा। देश के सबसे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में हरियाणा के पांच शहरों की मौजूदगी बताती है कि NCR और आसपास के इलाकों में प्रदूषण का दबाव कितना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के रविवार शाम चार बजे के बुलेटिन में गुड़गांव का औसत AQI 296 दर्ज हुआ। अगले करीब 45 मिनट में रियल टाइम आंकड़ा 302 पर पहुंच गया। दिन ढलने के साथ हवा की हालत और बिगड़ी। शहर के मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी प्रदूषण का स्तर ऊंचा रहा। टेरी ग्राम में AQI 330, ग्वाल पहाड़ी में 328 और विकास सदन में 300 दर्ज किया गया। मानेसर में यह आंकड़ा 262 रहा, जबकि पचगांव का AQI 309 था। पर्यावरण विशेषज्ञों के मुताबिक, रविवार को ट्रैफिक कम होने के बावजूद AQI में बड़ी गिरावट नहीं आने की वजह यह है कि हवा में पहले से मौजूद प्रदूषक कण आसानी से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।