Faridabad Imt Water Supply To Improve Hsiidc To Repair Pipelines
पाइपलाइन होंगी दुरुस्त, पानी की सप्लाई होगी बेहतर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद : आईएमटी में बनी इंडस्ट्रीज में पानी की बेहतर सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलपमेंट कारपोरेशन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एचएसआईआईडीसी आईएमटी की सभी वाटर सप्लाई लाइनों को दुरुस्त करने का काम करेगा। अगले तीन महीने में सभी लाइनों को मेंटेन करने की बात अधिकारी कह रहे हैं।
आईएमटी में चार इंडस्ट्रियल सेक्टर हैं, जिनमें सैकड़ों उद्योग चल रहे हैं। इन उद्योगों को रोजाना काफी मात्रा में पानी सप्लाई होता है। फिलहाल आईएमटी की वाटर सप्लाई लाइन कई जगहों से लीक है, जिससे पानी रिसता रहता है। कई बार पानी सड़क पर भी इकट्ठा हो जाता है। वहीं, लेकेज होने से पानी में मिट्टी आदि मिलने का भी खतरा रहता है। एचएसआईआईडीसी के सीनियर मैनेजर पुरुषोत्तम ने बताया कि आईएमटी में वाटर सप्लाई लाइनों की लीकेज ठीक कर उन्हें दुरुस्त करने का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा। अगले तीन महीनों में सभी लाइनों को मेंटेन कर लिया जाएगा।