नीमका-मिर्जापुर में प्रस्तावित डंपिंग यार्ड योजना रद्द, ग्रामीणों का धरना भी खत्म

नवभारतटाइम्स.कॉम•
neemka mirzapur dumping yard plan cancelled villagers victory protest ends
nNBT न्यूज, फरीदाबाद

नीमका-मिर्जापुर गांव के निकट प्रस्तावित डंपिंग यार्ड बनाने की योजना को आखिरकार रद्द कर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर और मेयर प्रवीण जोशी ने नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर इस योजना को निरस्त करने का अहम निर्णय लिया है। इसके साथ ही अधिकारियों को जिले में डंपिंग यार्ड के लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान की तलाश करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार और प्रशासन के इस फैसले के बाद 84 पाल क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। योजना रद्द होने की घोषणा के बाद रविवार सुबह मंत्री राजेश नागर के भाई अमन नागर धरनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर धरना समाप्त कराया।
नगर निगम की ओर से नीमका-मिर्जापुर गांव के नजदीक डंपिंग यार्ड बनाने की योजना तैयार की जा रही थी। जैसे ही इस प्रस्ताव की जानकारी आसपास के गांवों के लोगों को मिली, क्षेत्र में नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों को आशंका थी कि डंपिंग यार्ड बनने से इलाके में गंदगी, दुर्गंध और प्रदूषण की गंभीर समस्या हो जाएगी। यह स्थान बेहद संवेदनशील माना जा रहा था क्योंकि इसके आसपास घनी आबादी के साथ-साथ नीमका जेल और पांच-छह स्कूल भी स्थित हैं। ग्रामीणों का कहना था कि कूड़े के ढेर और प्रदूषण का जेल में बंद बंदियों और स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर बेहद प्रतिकूल असर पड़ेगा। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया था और प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से किसी भी सूरत में यह योजना रद्द करने की मांग कर रहे थे। मामले की गंभीरता और जनभावनाओं को देखते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, राज्य मंत्री राजेश नागर और मेयर प्रवीण जोशी ने सेक्टर-16 स्थित सर्किट हाउस में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में क्षेत्र की परिस्थितियों और ग्रामीणों के विरोध पर विस्तार से चर्चा करने के बाद नीमका-मिर्जापुर के पास डंपिंग यार्ड की योजना को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्णय लिया गया। रविवार सुबह धरनास्थल पर पहुंचे अमन नागर ने ग्रामीणों को सरकार के इस फैसले से अवगत कराया। उन्होंने आश्वस्त किया कि अब यहां कोई डंपिंग यार्ड नहीं बनेगा, बल्कि पहले से पास के मुजेड़ी गांव में बने डंपिंग यार्ड की क्षमता को बढ़ाया जाएगा और वहां आधुनिक प्रोसेसिंग यूनिट लगाकर प्रतिदिन के कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण किया जाएगा।

रेकमेंडेड खबरें