Student Scholarships May Be Stuck Due To School Negligence Education Department Issues Warning
स्कूलों की देरी से रुक सकती है छात्रों की स्कॉलरशिप
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति स्कूलों की लापरवाही के कारण अटक सकती है। शिक्षा विभाग ने दूसरी और तीसरी तिमाही की प्रोत्साहन राशि देने की तैयारी की है, लेकिन कई स्कूलों ने अभी तक विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड एमआईएस पोर्टल पर अपडेट नहीं किया है। इस वजह से एससी, बीसी-ए और बीपीएल वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को मिलने वाली राशि में देरी हो सकती है।पहले स्कूलों को 4 नवंबर तक बच्चों की हाजिरी का रिकॉर्ड पोर्टल पर चढ़ाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई स्कूलों ने अब तक यह काम पूरा नहीं किया है। इसके बाद मौलिक शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को दोबारा पत्र भेजा है। डाटा अपडेट नहीं हुआ और पात्र बच्चों को योजना का पैसा नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारी, स्कूल मुखिया और कक्षा इंचार्ज जिम्मेदार होंगे। अधिकारियों को समय रहते इसे पूरा करवाने के निर्देश दिए हैं।