पोस्टमॉर्टम से पहले ही शव लेकर भागे परिजन

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद: बीके अस्पताल में शनिवार देर रात एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब परिजन पोस्टमॉर्टम से पहले ही शव लेकर चले गए। महिला के गले पर निशान देखकर डॉक्टर ने मौत के कारणों पर संदेह जताया था और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्च्युरी में रखवाया था।

आरोप है कि रविवार को परिजन मोर्च्युरी कर्मचारी पर दबाव बनाकर बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव अपने साथ ले गए। वे शव को गाजियाबाद स्थित अपने घर ले गए, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर अंतिम संस्कार रुकवाया और शव वापस फरीदाबाद मंगवाया। प्रारंभिक जांच में पुलिस महिला की मौत का कारण हार्ट अटैक बता रही है।
क्या है मामला : यूपी के गाजीपुर निवासी दुलारी देवी (65) तीन दिन पहले संजय कॉलोनी में रहने वाली अपनी बेटी आकांक्षा के पास आई थीं। शनिवार देर रात सांस लेने में परेशानी होने पर बेटी के परिजन उन्हें बीके अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि महिला के गले पर निशान मिलने पर डॉक्टर ने एमएलसी तैयार कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्च्युरी में रखवा दिया और और पुलिस को सूचना दी थी।

पर्ची दिखाकर ले गए शव: बताया गया कि रविवार को परिजन मोर्च्युरी पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारी को एक पर्ची दिखाई और डॉक्टर की ओर से मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लिखे जाने की बात कह शव देने का दबाव बनाया। इसके बाद वे बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव लेकर चले गए। रविवार सुबह जब पुलिस पोस्टमॉर्टम करवाने मोर्च्युरी पहुंची तब घटना की जानकारी हुई।

रेकमेंडेड खबरें