दरवाजे पर लगी गेंद तो बच्चों को दीं गालियां, तलवार से किया हमला

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

सूरजकुंड थानाक्षेत्र के लक्कड़पुर में गली में बच्चों के क्रिकेट खेलने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बच्चों को गाली देने का विरोध करने पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने मां-बेटे के साथ मारपीट की और तलवार से हमला कर दिया। घटना में मुकेश (35) और उनकी मां घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दयालबाग चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लक्कड़पुर निवासी मुकेश ने बताया कि घटना के समय वह घर के अंदर खाना खा रहे थे। घर के बाहर गली में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों की गेंद गली में रहने वाले सरदार सिंह के घर के दरवाजे पर जा लगी। आरोप है कि इससे नाराज होकर सरदार सिंह ने बच्चों को पकड़ लिया और उनके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार होता देख मुकेश घर से बाहर आए। उन्होंने सरदार सिंह को समझाने और बच्चों को छोड़ने के लिए कहा।

तलवार से हमले का आरोप: मुकेश का आरोप है कि विरोध करने पर सरदार सिंह ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान उन पर तलवार से हमला किया गया। बीच-बचाव के दौरान उसकी मां भी चोटिल हो गईं।

परिजन घायलों को अस्पताल ले गए : घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को तुरंत बीके अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर दयालबाग चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ASI सुशील कुमार ने बताया कि क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में मारपीट की घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

रेकमेंडेड खबरें