कहावत है- नेकी कर दरिया में डाल। लेकिन, यह कहावत कुछ दशक पहले बदल गई। बदली कहावत है- नेकी कर दुनिया में गा। नई कहावत का भी 2.0 वर्जन आ चुका है। नेकी कर या ना कर, नेकी की कॉपी कर और पूरे सोशल मीडिया पर पेस्ट कर आ। फिलहाल नया वर्जन ही ट्रेंड रहा है।
अब सवाल है कि वर्जन 2.0 को अप्लाई कैसे करना है? बहुत आसान है। मान लीजिए किसी ने गरीब को कपड़े दिए। जाहिर है कपड़े देते हुए वह विडियो बनाएगा ही। क्या कहा, नहीं बनाया? ऐसा कोई आसपास दिखे तो ऐसे इंसान को संभाल कर रखिए। अपने बच्चों को दिखाइए कि ऐसे होते थे इंसान। जरूरत पड़े तो म्यूजियम वालों को उसका पता दे दीजिए। आने वाले समय में ऐसे इंसान को देखने के लिए टिकट लगेगा। खैर, नेकी 2.0 पर वापसी करते हैं। नेकी करने वाला जैसे ही सोशल मीडिया पर विडियो या पोस्ट अपलोड करे उसे झपट लीजिए। उसके विडियो के कोने में छोटी-सी क्लिप अपनी लगाइए और तारीफ के फ्लाईओवर बांध दीजिए। बस, विडियो आपका हो गया। सारे लाइक और कमेंट बटोरिए। मनुष्यता को उपकृत कीजिए और सोशल सर्कल में चौड़िआइए।असल में नेकी 2.0 के मूल में बुद्धिजीवियों की पुरानी चपलता है। इधर का ज्ञान उधर। इस टूल को अमल में लाने के लिए बहुत जरूरी है कि आप विनम्र रहें। लोगों से बार-बार कहें, मैं आप से सीखता हूं। ऐसा करने से बहुत संयमशील व्यक्ति भी आप पर थोड़ा-बहुत ज्ञान चुआ ही देगा। बस आपको यह ज्ञान किसी और को चेप देना है। बिना क्रेडिट दिए। धीरे-धीरे यह ज्ञान आपके नाम से मशहूर हो जाएगा। एक बात और, आपने सारे तरीके पढ़ लिए हैं तो इस लेख को कहीं छिपा दीजिए वरना कोई और बुद्धिजीवी बन जाएगा।