सेक्टर 52 में बनेगा फॉरेस्टर क्वार्टर, फील्ड निगरानी होगी आसान
सेक्टर-52 में बनेगा फॉरेस्टर क्वार्टर, फील्ड निगरानी होगी आसान
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: वन विभाग अपने फील्ड स्टाफ की सुविधाएं बढ़ाने के साथ निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी कर रहा है। सेक्टर-52 में फॉरेस्टर के लिए क्वार्टर बनाया जाएगा। इससे फील्ड में तैनात कर्मचारियों को रहने की सुविधा मिलेगी और विभागीय कामकाज के लिए उनकी उपलब्धता बेहतर हो सकेगी।
वन विभाग के कर्मचारियों को पौधरोपण, पौधों की देखरेख, वन भूमि की निगरानी और अतिक्रमण जैसी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अक्सर फील्ड में जाना पड़ता है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर आवासीय सुविधा होने से कर्मचारियों को कामकाज के लिए बार-बार दूर से आने-जाने की जरूरत नहीं होगी। गुड़गांव और आसपास के क्षेत्र में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच वन विभाग की जिम्मेदारियां भी बढ़ रही हैं। पौधरोपण के बाद पौधों को बचाना, हरित क्षेत्रों की निगरानी करना और वन विभाग की जमीन को सुरक्षित रखना लगातार निगरानी मांगता है। फॉरेस्टर की स्थानीय मौजूदगी से इन गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने में सहूलियत हो सकती है। जरूरत पड़ने पर कर्मचारी मौके पर पहुंचकर विभागीय कार्यों की निगरानी भी कर सकेंगे। गुड़गांव डिविजन ने सेक्टर-52 में फॉरेस्टर क्वार्टर बनाने के लिए टेंडर जारी किया है। भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की अनुमानित लागत तय की गई है। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए एजेंसी को 180 दिन का समय दिया जाएगा। इच्छुक एजेंसियां 26 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगी।