nNBT न्यूज, बल्लभगढ़: सेक्टर-9 इलाके में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहां एक बार फिर सफेद रंग की महिंद्रा थार चोरी हो गई। छह दिन के अंदर इसी इलाके से थार चोरी होने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 15 नवंबर की रात सेक्टर-9 निवासी अनिरुद्ध सिंह की थार चोरी हो गई थी। लगातार हो रही चोरी की वारदात से स्थानीय लोगों में रोष है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-9 निवासी जागृत कालड़ा ने बताया कि वह एनआईटी-1 में कपड़ों का कारोबार करते हैं। उन्होंने 20 नवंबर की रात करीब 10 बजे अपनी सफेद रंग की महिंद्रा थार घर के सामने पार्किंग की जगह पर खड़ी की थी। 21 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे बाहर आकर देखा तो गाड़ी गायब थी। आसपास तलाश करने के बावजूद कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने थाना सेक्टर-8 में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई प्रवीण कर रहे हैं। एक ही सेक्टर में छह दिन के भीतर दो थार चोरी होने से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों और चोरी गई गाड़ी का पता लगाने में जुटी है।