‘बिल्डर Cam चार्ज बढ़ाकर हैंडओवर लेने का बना रहा दबाव’
‘बिल्डर CAM चार्ज बढ़ाकर हैंडओवर लेने का बना रहा दबाव’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर 76 स्थित पार्क फ्लोर-2 में लोगों ने अपनी मांगों को लेकर रविवार को एक बार फिर से विरोध प्रदर्शन किया। निवासियों ने सेक्टर 81 स्थित बिल्डर ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। लोग पिछले डेढ़ महीने से अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिल्डर कैम चार्ज (कॉमन एरिया मेंटिनेंस) बढ़ाकर हैंडओवर लेने का दबाव बना रहा है। लोगों ने बढ़े हुए कैम चार्ज को कम करने और 15 प्रतिशत ग्रीन एरिया देने की सुविधा देने की मांग की।सोसायटी में करीब 672 फ्लैट्स है। यहां 600 से अधिक परिवार रह रहे हैं। लोग सोसायटी में वर्ष 2013 से रह रहे हैं। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि 2013 से सोसायटी में रह रहे है, लेकिन अब 2026 में ओसी मिली है। ओसी में सोसायटी प्रोजेक्ट करीब 24 एकड़ में दिखाया गया है, जबकि यहां फ्लैट्स करीब 11 एकड़ में बने हुए है और करीब पौने एक एकड़ में ईडब्ल्यूएस फ्लैट बने हैं।
सोसायटी में 15 प्रतिशत ग्रीन एरिया होना चाहिए, लेकिन ग्रीन एरिया की सुविधा नहीं दी जा रही है। निवासी एसपी सिंह, राजीव सिन्हा, पवन शर्मा, लक्ष्मण सिंह, जेबी सैनी और सुमित शर्मा ने बताया कि लोगों से कैम चार्ज 4.25 रुपये प्रति स्क्वायर फीट लिया जा रहा है, जो निवासी पर तीन गुना अधिक पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यहां क्लब, स्विमिंग पूल, ग्रीन एरिया, पार्किंग जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही है।