सोहना रोड पर सरूरपुर के पास नशे में धुत जेसीबी चालक ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि चालक ने तेज रफ्तार से जेसीबी चलाते हुए रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मार दी। इससे गुस्साए लोगों ने जेसीबी पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। लोगों ने जेसीबी का पीछा कर चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। चालक की पिटाई का विडियो वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, घटना सोहना रोड पर सरूरपुर के पास की है। बताया गया कि एक जेसीबी चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने सड़क पर चल रहे कई वाहनों को टक्कर मार दी। अचानक हुई टक्कर से वाहन सवारों में हड़कंप मच गया। गुस्साए लोगों ने जेसीबी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक आगे बढ़ता रहा। इसके बाद लोगों ने जेसीबी पर पथराव शुरू कर दिया और उसके शीशे तोड़ दिए।
पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाकर लिया हिरासत में: जेसीबी चालक को भागता देख लोगों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने चालक की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया। उधर संजय कॉलाेनी इंचार्ज कैलाश चंद्र का कहना है कि अभी उनके पास ऐसी घटना की कोई शिकायत नहीं आई है।