nNBT न्यूज, लखनऊ : बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए रविवार से प्रदेश के 33 जिलों में सघन पल्स पोलियो अभियान शुरू हो गया। इसके तहत करीब 1.31 करोड़ बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का आगाज़ विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा ने अवंतीबाई जिला महिला अस्पताल में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया।
राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि पड़ोसी देशों में पोलियो संक्रमण के मामलों को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। पहले दिन प्रदेश के 44,726 बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई। सोमवार से छह दिन तक 30,772 टीमें घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को खुराक देंगी।