AI जब आपकी ओर से ख़रीदारी करेगी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
ai will shop for you the next stage of digital revolution in india
आज हम आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) से सवाल पूछते हैं, जानकारियां जुटाते हैं या उत्पादों की कीमतों की तुलना करते हैं, लेकिन भुगतान करने का आखिरी फैसला हमारा होता है। AI के अगले चरण में यह बदल सकता है। एजेंटिक AI लक्ष्य समझकर जरूरी कदम तय करने और हमारी अनुमति से उन्हें पूरा करने में सक्षम होगी। मसलन, 20 हजार रुपये में दिल्ली की यात्रा का पूरा इंतजाम जैसे काम वह खुद कर सकेगी। यानी डिजिटल अर्थव्यवस्था में मनुष्य की ओर से मशीन ग्राहक बन सकती है।

सेवा में मददगार । भारत में इस परिवर्तन का असर विकसित देशों से अलग और व्यापक हो सकता है। वजह है डिजिटल ढांचा। आधार, UPI, डिजिलॉकर, अकाउंट एग्रीगेटर और मोबाइल बैंकिंग ने लोगों को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ा है। अब AI एजेंट की परत जुड़ने से भुगतान तरीका बदल सकता है। आज हम भुगतान करते हैं, कल हमारे लिए यह काम AI कर सकती है। बैंकिंग में AI ऋण, बीमा और निवेश विकल्पों की तुलना, जोखिम आकलन, धोखाधड़ी पहचान और ग्राहक सेवा में मदद कर सकती है।
डिजिटल मुनीम । भारत में डिजिटल लेनदेन बढ़ने के साथ साइबर धोखाधड़ी बड़ी चुनौती है। AI इसमें भूमिका निभा सकती है। बैंकिंग लेनदेन के पैटर्न का विश्लेषण कर संदिग्ध व्यवहार पहचाना जा सकता है। RBI इनोवेशन हब के mulehunter.AI जैसे मॉडल इसकी संभावनाएं दिखाते हैं। लेकिन, यही तकनीक अपराधियों के हाथ में पड़ी तो धोखाधड़ी का खतरा बढ़ जाएगा। भविष्य में साइबर सुरक्षा को पासवर्ड और OTP से आगे बढ़ाना होगा।

री-स्किलिंग जरूरी । भारत के लिए AI की परीक्षा यह होगी कि उसका लाभ कंपनियों से आगे छोटे कारोबारियों तक पहुंचे। सस्ती और भारतीय भाषाओं में तकनीक से दुकानदार बिक्री, स्टॉक और प्रचार संभाल सकेंगे। किसान बाजार भाव और मौसम की जानकारी समझ सकेगा। उद्यमी सरकारी योजनाओं, ऋण और अनुपालन की जानकारी पा सकेंगे। इससे उत्पादकता और अर्थव्यवस्था का दायरा बढ़ सकता है। AI से रोजगार पर असर की आशंका है। नियमित काम मशीनों के पास जा सकते हैं, जबकि विश्लेषण, संवाद और निर्णय जैसे कौशलों का महत्व बढ़ेगा। इसलिए री-स्किलिंग जरूरी होगी।

जिम्मेदारी बढ़ेगी । वित्तीय AI को खुली छूट देने के बजाय खर्च की सीमा, बहुस्तरीय प्रमाणीकरण, संवेदनशील लेनदेन में मानवीय स्वीकृति, स्पष्ट ऑडिट ट्रेल और ग्राहक को निर्णय रोकने का अधिकार जैसी सुरक्षा जरूरी होगी। RBI का जिम्मेदार और नैतिक AI उपयोग पर जोर महत्वपूर्ण है। AI से उत्पादकता बढ़ेगी, बैंकिंग अधिक व्यक्तिगत होगी और छोटे कारोबारियों को बड़ी कंपनियों जैसी विश्लेषण क्षमता मिल सकती है। सुविधा बढ़ने पर जिम्मेदारी भी बढ़ेगी।

रेकमेंडेड खबरें