Civil Hospital Drug Shortage Patients Troubled Increased Dependence On Private Stores
सिविल अस्पताल में नहीं मिल रही ‘पूरी दवा’, मरीज परेशान
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n कुशाल रंगा, गुड़गांव
सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल में आने वाले मरीजों को प्रयाप्त दवा उपलब्ध ना होने से निजी दुकानों का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। मरीजों के अनुसार डॉक्टरों से परामर्श लेने के बाद फार्मेसी काउंटर पर पर्ची में लिखी सभी दवाएं नहीं मिल पा रही हैं। इससे परेशानी होती है। जिला अस्पताल में कई मरीज ऐसे पहुंचते हैं जिनकी आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होती, ऐसे में बाहर से महंगे दाम पर दवा खरीदने में कई मरीज असमर्थ रहते हैं।मरीजों के अनुसार, यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। खासकर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों के लिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित दवा लेना जरूरी होता है। ऐसे में दवा उपलब्ध नहीं होने और बाहर से खरीदने में असमर्थता के कारण उपचार प्रभावित होने की आशंका रहती है। सिविल अस्पताल में रोज दो हजार से ज्यादा मरीजों की OPD रहती है। मरीजों को पहले पंजीकरण, फिर डॉक्टर से परामर्श और उसके बाद दवा काउंटर पर कतार में लगना पड़ता है। पूरी प्रक्रिया में समय लगने के बावजूद सभी दवाएं नहीं मिल पाती। कामकाजी और दिहाड़ी पर निर्भर मरीजों को समय के साथ कमाई का नुकसान भी उठाना पड़ता है।
डॉक्टर ने लिखी थीं 4 दवाएं, मिली केवल दो : एक बुर्जुग महिला रोशनी देवी, जो खांसी-जुकाम की समस्या का उपचार के लिए पहुंची थीं, लेकिन काउंटर से उन्हें सभी दवाएं नहीं मिल पाई। इसी तरह मानसिक स्वास्थ्य विभाग की OPD में एक मरीज को चार में से दो दवाएं दी गईं, बाकी दवाएं बाहर से खरीदने की सलाह दी गई। वहीं, अपनी बेटी का उपचार कराने आए जोनी राघव ने बताया कि डॉक्टर ने पांच दवाएं लिखी थीं, लेकिन काउंटर से चार ही मिलीं। एक दवा बाहर से खरीदने के लिए कहा गया। वहीं भूना सिंह के अनुसार, डॉक्टर ने तीन दवाएं लिखी थीं, जिनमें से दो ही अस्पताल में मिली, जो दवा नहीं मिली, वह महंगी है। मरीजों का कहना है कि अस्पताल में इलाज कराने आने के बाद भी दवाओं पर अतिरिक्त खर्चा उनकी जेब पर असर डाल रहा है। रोज कमाने-खाने वाले मरीजों को खासकर सभी दवाएं न मिलने से आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने सभी दवाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।