अहमदाबाद में अमित शाह करने जा रहे हैं 464 करोड़ रुपये के एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन

NewsPoint•
464
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को अहमदाबाद में इस्कॉन जंक्शन से साणंद चौकड़ी तक 464 करोड़ रुपये की लागत से बने छह लेन के एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्धाटन करेंगे। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की मौजूदगी में सुबह 11 बजे होगा। इस परियोजना के शुरू होने से एसजी हाईवे पर यातायात का दबाव कम होगा और प्रतिदिन करीब दो लाख वाहन चालकों को राहत मिलेगी। इस उद्घाटन के साथ ही अमित शाह गुजरात अपने वार्षिक दिवाली दौरे पर आए हैं, जहां वे अहमदाबाद और गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने किया है, जिसका उद्देश्य एसजी हाईवे के सबसे व्यस्त हिस्सों में यातायात को सुगम बनाना है। निर्माण कार्य करीब दो साल तक चला और अब यह आम जनता के लिए खोला जाएगा। इस कॉरिडोर से अहमदाबाद और गांधीनगर के बीच यात्रा करना पहले से अधिक आसान और तेजी से संभव होगा। इस स्कीम के तहत दोनों ओर तीन-तीन रैंप बनाए गए हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में मदद मिलेगी, और हाईवे पर यातायात का प्रवाह भी सुचारू बना रहेगा।
अमित शाह के दौरे के दौरान इस कॉरिडोर के अलावा अहमदाबाद नगर निगम, राज्य और केंद्र सरकार की और भी कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत होगी। इस कार्यक्रम में 700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही 364 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास भी होगा। कार्यक्रम में अहमदाबाद नगर निगम की 27 परियोजनाओं के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।

इस कॉरिडोर के उद्घाटन से वह सभी लोग जो सौराष्ट्र से उजाला सर्कल के रास्ते गांधीनगर जाना चाहते हैं, उन्हें भी काफी फायदा होगा। खासकर एसजी हाईवे पर इस्कॉन जंक्शन से साणंद चौकड़ी के बीच लगने वाले ट्रैफिक जाम से वाहन चालकों को राहत मिलेगी।

अहमदाबाद का यह एलिवेटेड कॉरिडोर न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि लोगों को विकास और सुविधाओं के नए आयामों से भी जोड़ने का काम करेगा।

रेकमेंडेड खबरें