जेफ रॉस कैंसर मुक्त, ग्रैमी अवॉर्ड नॉमिनेशन मिलने की खुशी शेयर की
जेफ रॉस कैंसर मुक्त, ग्रैमी अवॉर्ड नॉमिनेशन मिलने की खुशी शेयर की
NewsPoint•
कॉमेडियन जेफ रॉस के लिए यह समय बहुत खास है। उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को मात देकर खुद को कैंसर मुक्त घोषित किया है। इस खुशी के साथ ही उनके शो को कैंसर से उनकी लड़ाई पर ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन भी मिला है। जेफ ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपनी खुशी का इजहार किया। उन्होंने अपने परिवार, दोस्तों और फैंस का धन्यवाद किया। उनका कहना है कि मुश्किल वक्त में बीमारी से लड़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन लोगों का समर्थन भी जरूरी है, जो हर कदम पर आपके साथ खड़े होते हैं।
जेफ रॉस को 2024 में स्टेज 3 कोलन कैंसर का पता चला था, जब उनकी उम्र 60 साल थी। खास बात यह है कि उन्हें उस समय किसी तरह के लक्षण का अनुभव नहीं हो रहा था। वह सिर्फ एक रूटीन चेकअप के लिए कोलोनोस्कोपी करवा रहे थे, तभी जांच के दौरान कैंसर का पता चला। वीडियो में वह कहते हैं, "जिंदगी कितनी अजीब है, है ना? इसमें अच्छा भी होता है, बुरा भी और बहुत कुछ ऐसा भी, जिसकी उम्मीद नहीं होती। मैं इस समय अपने ऑनकोलॉजिस्ट के पास बैठा हूं और स्कैन की रिपोर्ट का इंतज़ार कर रहा हूं। वहीं, सभी लोग मुझे फोन कर रहे हैं, क्योंकि कैंसर और इससे मेरी लड़ाई पर बने मेरे शो को अभी ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन मिला है।"
जेफ ने आगे कहा, "मैं इस सम्मान से अभिभूत हूं और बहुत आभारी हूं। ऐसी मुश्किलों से बाहर निकलने के लिए सिर्फ आपकी अपनी लड़ाई ही काफी नहीं होती, बल्कि आपके साथ खड़ी पूरी टीम भी जरूरी होती है। मेरा परिवार, मेरे दोस्त और मेरे फैंस सबसे बेहतरीन हैं। नेटफ्लिक्स पर मेरे इस शो को इतना प्यार और समर्थन देने के लिए आप सभी का शुक्रिया।"
उनके मजेदार अंदाज में कहा, "अब क्या कहूं? जीतने वाली ऊर्जा है। ग्रैमी नॉमिनेशन मिल गया है। अब आगे जो भी होगा, देखा जाएगा।" इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "आज मैंने दो बार किस्मत को मात दी। मुझे ग्रैमी के लिए नॉमिनेशन मिला है और मैं कैंसर मुक्त हूं। लगता है कि मुझे मारना, मेरी कॉमेडी सुनने से भी ज्यादा मुश्किल है।"
इस तरह जेफ रॉस ने न केवल अपनी बीमारी से जंग जीती, बल्कि अपने काम को भी एक नई ऊंचाई पर पहुँचाया। उनका यह सफर दूसरों के लिए भी उम्मीद की किरण है।