निखिल चिनापा ने 'रोडीज रीबर्थ' में प्रिंस नरूला और नेहा धूपिया के साथ रिश्तों पर की बातचीत

NewsPoint•
Navbharat Times
मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता और टीवी होस्ट निखिल चिनापा ने हाल ही में रियलिटी शो 'रोडीज रीबर्थ' में अपने साथियों गैंग लीडर्स नेहा धूपिया और प्रिंस नरूला के साथ अपने रिश्तों की चर्चा की। निखिल ने बताया कि प्रिंस के साथ उनका रिश्ता भाई जैसा है और वे दोनों बहुत कम ही झगड़ते हैं। वहीं, नेहा के साथ उनकी कई बहसें हुई हैं। निखिल ने पत्रकार से बातचीत में कहा कि शो में दिखने वाले रिश्ते दर्शकों के लिए काफी दिलचस्प होंगे।

निखिल ने प्रिंस नरूला के साथ अपने रिश्ते के बारे में कहा, ''हम तीनों नेहा, प्रिंस और मैं, ओजी गैंग के मेंबर हैं। हम तीनों के बीच ज्यादा लड़ाई नहीं होती। खासकर प्रिंस ज्यादा झगड़ों में नहीं पड़ते। मुझे लगता है कि प्रिंस और मैं भाइयों की तरह हैं, इसलिए हम एक-दूसरे के खिलाफ नहीं जाते। कई बार मुझे लगता है कि हमारी सोच भी काफी मिलती-जुलती है। हमारे बीच मतभेद जरूर हुए हैं, लेकिन मैं पूरे भरोसे से कह सकता हूं कि हमने एक-दूसरे से बहुत कम लड़ाई की है।'' निखिल ने यह भी कहा कि प्रिंस और उनके विचारों में सामंजस्य है, जो उनके रिश्ते को और मजबूत बनाता है।
नेहा धूपिया के साथ अपने रिश्ते पर बात करते हुए निखिल ने कहा, ''नेहा और मेरे बीच कई बार बहस हुई है। मुझे लगता है कि हम दोनों को अपनी बहस पसंद है या कम से कम मुझे तो इसमें बहुत मजा आता है।'' यह स्पष्ट है कि निखिल और नेहा के बीच की बहसें कभी-कभी गर्म होती हैं, लेकिन यह उनकी दोस्ती का एक हिस्सा है।

निखिल ने शो 'रोडीज' के साथ अपने लंबे जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने शो के चौथे सीजन में रघु राम के साथ जज के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। उस समय शो का फॉर्मेट आज के मुकाबले काफी अलग था। निखिल ने कहा, ''यह 'रोडीज' का 21वां सीजन है और मैं चौथे सीजन में रघु के साथ जज के तौर पर इस परिवार का हिस्सा बना था। उस समय 'रोडीज' काफी अलग था, लेकिन मुझे रघु के सोचने का तरीका समझने का मौका मिला।'' उन्होंने रघु के शरारती स्वभाव की भी तारीफ की और कहा कि रघु बेहद मजेदार इंसान हैं।

उन्होंने आगे कहा, ''जब हमने इस सीजन में रघु की एंट्री देखी, खासकर जब वह आग के बीच से बाहर आए तो मैं सचमुच उन्हें देखकर हैरान रह गया। मेरा मुंह खुला का खुला रह गया था। इसके बाद मैं हंसने लगा, क्योंकि मुझे पता था कि अब आगे क्या होने वाला है।'' निखिल ने इस बात का जिक्र किया कि रघु का शो में आग से निकलना एक बड़ा आकर्षण था।

निखिल ने शो के होस्ट रणविजय सिंह की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ''इस शो के होस्ट रणविजय सिंह हैं और इसमें कोई शक नहीं कि वह हमारे अब तक के सबसे बेहतरीन रोडीज में से एक हैं। वह एक मेंटर की तरह भी हैं। वह बहुत अच्छे इंसान हैं और कभी जानबूझकर आपको ऐसी मुश्किल परिस्थिति में नहीं डालेंगे, जहां से निकलना बेहद कठिन हो। दूसरी तरफ, रघु बिल्कुल अलग हैं। वह हमेशा आपको असमंजस में डालेंगे और इस सीजन में भी ठीक ऐसा ही हुआ है।''

रोडीज, जो युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है, दर्शकों को असली संघर्ष और दोस्ती के रंग दिखाने का एक मंच है। निखिल, प्रिंस और नेहा के बीच की दोस्ती और मतभेदों की कहानी शो में देखने को मिलेगी। दर्शक इसे नेटफ्लिक्स, जियोहॉटस्टार और एमटीवी पर देख सकते हैं। निखिल का यह इंटरव्यू शो के फैंस के लिए काफी रोचक है और उनके रिश्तों को दर्शाने में मददगार साबित होगा।

रेकमेंडेड खबरें