दिल्ली में बिना साफ किया गया सीवेज नालों में बहाए जाने पर एनजीटी सख्त, दिल्ली जल बोर्ड से मांगा जवाब
दिल्ली में बिना साफ किया गया सीवेज नालों में बहाए जाने पर एनजीटी सख्त, दिल्ली जल बोर्ड से मांगा जवाब
NewsPoint•
नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में सीवेज प्रदूषण के मुद्दे पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने सख्त रुख अपनाया है। बिना शोधन (ट्रीटमेंट) किए गए सीवेज को नालों में छोड़े जाने के मामले में एनजीटी ने दिल्ली जल बोर्ड से जवाब तलब किया है। एनजीटी ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए दिल्ली जल बोर्ड को फटकार लगाई। एनजीटी ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) को मौके पर जाकर जांच करने और पानी के सैंपल लेने का आदेश दिया है। एनजीटी ने दिल्ली जल बोर्ड से पूछा कि काम पूरा होने का दावा करने के बावजूद नालों में गंदा पानी कैसे बह रहा है। सुनवाई के दौरान तस्वीरें पेश की गईं, जिनमें दावा किया गया कि पंत नगर और लाजपत नगर के ड्रेन नंबर-22 में अब भी बिना ट्रीट किया हुआ सीवेज बह रहा है। इसको लेकर एनजीटी ने दिल्ली जल बोर्ड के चीफ इंजीनियर से जवाब मांगा है, जिन्होंने 21 नवंबर को काम पूरा होने और प्रगति को लेकर हलफनामा दिया था। ट्रिब्यूनल ने कहा कि अगर हलफनामे में दी गई जानकारी गलत या झूठी पाई गई तो कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। एनजीटी ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति को मौके पर जाकर जांच करने और नालों के पानी के सैंपल लेकर उनकी जांच कराने का आदेश दिया है। दिल्ली जल बोर्ड को दो हफ्ते में नया हलफनामा दाखिल करना होगा। इसमें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और छोटे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों के काम की असली स्थिति, देरी की वजह और काम पूरा होने की नई तारीख बतानी होगी। एनजीटी ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि जिन कामों के टेंडर पहले एक साथ जारी किए गए थे, उन्हें बाद में तीन-चार हिस्सों में बांटकर अलग-अलग कंपनियों को क्यों दिया गया। डिफेंस कॉलोनी के पास लगाए जा रहे नैनो बबल्स प्लांट को लेकर भी दिल्ली जल बोर्ड से जवाब मांगा गया है। बोर्ड को बताना होगा कि प्लांट शुरू हुआ या नहीं, कब से काम कर रहा है और इससे कितना फायदा हो रहा है। एनजीटी ने कहा कि केवल काम जारी है, यह बताना काफी नहीं है। विभाग को यह भी बताना होगा कि कितना काम पूरा हो चुका है। दिल्ली के 22 नालों को साफ करने और सीवेज रोकने के काम की समय सीमा भी बढ़ाई गई है। कई काम अब मार्च और जून 2027 तक पूरे होने की उम्मीद है। मामले में दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) को भी दिल्ली जल बोर्ड के हलफनामे पर जवाब देने के लिए एक हफ्ते का समय दिया गया है। वहीं, एनजीटी में मामले की अगली सुनवाई 22 दिसंबर को होगी। --आईएएनएस डीके/एएस