सितंबर में भारतीय ऑटोमोबाइल रिटेल बिक्री में 31.82 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि
सितंबर में भारतीय ऑटोमोबाइल रिटेल बिक्री में 31.82 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि
NewsPoint•
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। त्यौहारों की बढ़ती मांग और पिछले साल के कम बिक्री आंकड़ों के चलते सितंबर में घरेलू ऑटोमोबाइल रिटेल बिक्री में 31.82 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह आंकड़ा 25,36,920 इकाइयों को पार कर गया। उद्योग संगठन फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) ने यह जानकारी दी है। पिछले महीने यानी अगस्त के मुकाबले सितंबर में बिक्री में 4.69 प्रतिशत का इजाफा हुआ। सितंबर अब तक का सबसे बेहतर महीना रहा है।
फाडा ने बताया कि इस तेजी से हुई वृद्धि को कम आधार के संदर्भ में देखना चाहिए। पिछला साल सितंबर 2025 में जीएसटी 2.0 लागू होने से पहले खरीदारों ने खरीदारी टाली थी, जिसका असर बिक्री पर पड़ा था। सितंबर में, उद्योग ने छह में से पांच वाहन श्रेणियों में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में रिटेल बिक्री 1,55,12,319 इकाइयों पर पहुंची, जो कि सालाना आधार पर 20.77 प्रतिशत अधिक है।यदि श्रेणीवार बात करें, तो दोपहिया वाहनों की बिक्री में 33.08 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जिससे यह आंकड़ा 17,90,188 इकाई तक पहुंच गया। यात्री वाहनों की बिक्री 32.10 प्रतिशत बढ़कर 4,27,213 इकाई हो गई। वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 37.62 प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह पहली बार एक लाख इकाइयों को पार कर गई, जो 1,03,557 इकाई रहीं। तिपहिया वाहनों की बिक्री भी 22.25 प्रतिशत बढ़कर 1,32,570 इकाई हो गई, जबकि ट्रैक्टरों की बिक्री में 13.75 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो 76,906 इकाइयों के स्तर पर रही। निर्माण उपकरणों की बिक्री में 38 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो 6,486 इकाई तक पहुंच गई।
फाडा के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा, "सितंबर 2026 भारतीय ऑटो रिटेल के इतिहास का सबसे अच्छा सितंबर रहा है।" उन्होंने बताया कि महत्वपूर्ण संकेतकों में पहली छमाही की रिकॉर्ड बिक्री, महीने-दर-महीने 4.69 प्रतिशत की वृद्धि और वित्त वर्ष 2026-27 के पहले पांच महीनों में लगभग 17 प्रतिशत की वृद्धि शामिल है।
आलावा इसके, सितंबर में यात्री वाहनों की रिटेल बिक्री में वैकल्पिक ईंधन वाले वाहनों की हिस्सेदारी 41 प्रतिशत रही। यह आंकड़ा पेट्रोल वाहनों की 41.27 प्रतिशत हिस्सेदारी के लगभग बराबर है। इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री भी बढ़कर यात्री वाहनों में 8.45 प्रतिशत हो गई, जो एक सकारात्मक बदलाव है। फाडा ने बताया कि सभी श्रेणियों में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री लगभग 3.34 लाख इकाई पर पहुंच गई, जोकि एक नया मासिक उच्च स्तर है। इससे कुल वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी लगभग 13 प्रतिशत हो गई।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 75.57 प्रतिशत डीलरों को उम्मीद है कि अक्टूबर में बिक्री बढ़ेगी। वहीं, 19.46 प्रतिशत डीलरों को बाजार के स्थिर रहने की उम्मीद है। 4.98 प्रतिशत डीलरों को बिक्री में गिरावट की आशंका है। उद्योग को उम्मीद है कि ‘पितृ पक्ष’ के दौरान टली हुई मांग नवरात्रि और दशहरा के दौरान डिलीवरी में बदल सकती है।
फाडा ने यह भी बताया है कि बुकिंग का सिलसिला तेजी से बढ़ रहा है। 63 प्रतिशत डीलरों ने बुकिंग में बढ़ोतरी की जानकारी दी है। अक्टूबर-दिसंबर के लिए 78.28 प्रतिशत डीलरों को बिक्री में वृद्धि की उम्मीद है। जबकि, 17.65 प्रतिशत डीलरों को बाजार के स्थिर रहने की आशंका है और लगभग 4 प्रतिशत डीलरों को बिक्री में गिरावट की आशंका है।