130 Meter Road To Noida Airport Funding To Be Discussed Between Greater Noida And Yamuna Authorities
130 मीटर रोड निर्माण की फंडिंग पर ग्रेनो व यमुना अथॉरिटी करेंगी बात
नवभारत टाइम्स•
Subscribe
नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए 130 मीटर रोड का निर्माण होगा। ग्रेनो और यमुना अथॉरिटी मिलकर इस प्रोजेक्ट पर काम करेंगी। इस सड़क से बिना टोल दिए एयरपोर्ट पहुंचा जा सकेगा। यह सड़क गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए फायदेमंद होगी। यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव भी कम होगा।
नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचने का एक नया और सीधा रास्ता बनने जा रहा है। यमुना अथॉरिटी ने 2200 करोड़ रुपये की लागत से ग्रेनो वेस्ट की 130 मीटर रोड को नोएडा एयरपोर्ट तक जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस प्रोजेक्ट में यमुना और ग्रेनो अथॉरिटी मिलकर काम करेंगी। दोनों अथॉरिटी अपने-अपने इलाके में जमीन खरीदेगी और सड़क बनाने का खर्च आधा-आधा बांटेगी। इस अहम मुद्दे पर जल्द ही एक बैठक होने वाली है।
इस नई सड़क के बनने से नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचने का एक और विकल्प खुल जाएगा। अभी ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने ग्रेनो वेस्ट के गौड़ चौक से सिरसा तक 130 मीटर रोड बना दी है। इसके बाद ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (केजीपी) आता है और फिर ग्रेनो अथॉरिटी का अधिसूचित क्षेत्र अलौदा गांव तक है। अब योजना यह है कि सिरसा से अलौदा तक करीब 10 किलोमीटर सड़क बनाई जाए। साथ ही, पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर एक क्लोवर लीफ (एक तरह का फ्लाईओवर जंक्शन) या अंडरपास बनाने की भी तैयारी है।अलौदा गांव के बाद से नोएडा एयरपोर्ट तक का इलाका यमुना अथॉरिटी के अधीन आता है। इस 130 मीटर रोड को नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचाने के लिए करीब 35 किलोमीटर लंबी सड़क बनानी होगी। यह सड़क 6 लेन की होगी। यमुना अथॉरिटी को अपने हिस्से में करीब 812 एकड़ जमीन खरीदनी पड़ेगी, जिसमें लगभग 1400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सड़क बनाने का खर्च इसके अलावा होगा।
इस 130 मीटर रोड के बन जाने से नोएडा एयरपोर्ट के लिए एक अलग और सीधा रास्ता मिल जाएगा। इस सड़क का फायदा गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के साथ-साथ आसपास के गांवों के निवासियों को भी मिलेगा। यमुना अथॉरिटी के सेक्टर-1, 2, 3, 4, 5 आदि को भी इससे सीधा फायदा होगा। सबसे खास बात यह है कि इस सड़क से लोग बिना कोई टोल दिए सीधे नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे। इससे यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का बोझ भी कम होगा। ग्रेनो अथॉरिटी इस प्रोजेक्ट को साल 2026 में प्राथमिकता के तौर पर पूरा करने की योजना बना रही है।
Storiesकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर