विरार के डोंगर पाड़ा इलाके में एक जर्जर इमारत की छत का प्लास्टर गिरने से तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। मनपा ने इमारत को जर्जर घोषित कर नोटिस दिया था, लेकिन इमारत खाली नहीं कराई गई थी।
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
विरार: विरार (पश्चिम) के डोंगर पाडा इलाके में रविवार सुबह जर्जर इमारत की पहली मंजिल के एक फ्लैट का प्लास्टर गिरने से तीन लोग जख्मी हो गए। तीनों जख्मियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड टीम राहत और बचाव में जुट गई। बताया जा रहा है कि मनपा ने मई 2025 को इमारत को जर्जर होने का नोटिस दिया था, लेकिन खाली नहीं करवाया था।
करीब 11 बजे उनके घर की छत का प्लास्टर गिर गया
जानकारी के अनुसार, डोंगरपाडा, वर्तक रोड स्थित श्री गणेश तीन मंजिला सोसायटी है। इस इमारत में 17 फ्लैट और तीन दुकानें हैं। इमारत की पहली मंजिल के फ्लैट-105 में युधिष्ठिर साहनी (47) अपने तीन बेटों संदीप (18), शुभम (16) और राज साहनी (11) के साथ रहते हैं। युधिष्ठिर मुंबई में टैक्सी ड्राइवर हैं और एक महीने पहले ही यहां किराए पर रहने आए थे। शनिवार रात साहनी और उनके बच्चे गणपति विसर्जन से देर रात घर लौटे। रविवार सुबह सब घर में सो रहे थे, तभी करीब 11 बजे उनके घर की छत का प्लास्टर गिर गया। इस हादसे में संदीप, शुभम और राज ज़ख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों में डर का माहौल
दो दिन पहले ही पास की प्रभुनिवास इमारत के स्लैब का प्लास्टर गिरा था, जिसमें रहने वाला परिवार भी बाल-बाल बच गया। विरार हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। लोग प्रशासन से जल्द से जल्द इन खतरनाक इमारतों पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य कोई घटना न हो। आरोप है कि प्रशासन ऐसे गंभीर मामलों को अनदेखा कर रहा है। मनपा ने जब इस इमारतवासियों को नोटिस दिया था, तो उसमें साफ-साफ लिखा था कि इमारत के पिलर कमजोर हो चुके हैं। इमारत में लगा स्टील और स्लैब जर्जर हो चुका है। इतनी खतरनाक इमारत को मनपा ने चार महीने में भी खाली नहीं करवाया।
लेखक के बारे मेंएनबीटी डेस्कदेश, दुनिया, खेल की खबर हो या फिर सियासत के गलियारों की अंदर की बात, हर खबर आप तक पहुंचाता है NBT न्यूज डेस्क।... और पढ़ें
Storiesकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर