n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
एनआईटी की गांधी कॉलोनी में रहने वाला 40 वर्षीय व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिजनों के अनुसार, वह रविवार रात यमुना नदी पर स्थित मंझावली पुल से आत्महत्या करने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है, जिससे परिवार में चिंता का माहौल है। पुलिस के मुताबिक, गांधी कॉलोनी निवासी विजय कुमार रविवार शाम घर से निकलने से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ गया था। रात करीब 9 बजे उसने मंझावली के यमुना पुल पर खड़े होकर एक विडियो बनाकर अपने परिजनों को भेजा। विडियो में उसने बताया कि वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से परेशान है और इसी कारण आत्महत्या करने के लिए पुल पर आया है। विडियो मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत एनआईटी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एनआईटी और तिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रातभर आसपास के इलाके में उसकी तलाश करती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार सुबह उसके मोबाइल की आखिरी लोकेशन नोएडा के घरबरा क्षेत्र में मिली। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। तिगांव थाना प्रभारी राजवीर ने बताया कि व्यक्ति की तलाश लगातार जारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है।

