n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। लोगों को जागरूक करने के साथ ही पुलिस की ओर से चालान किए जा रहे हैं, वाहन जब्त करने के अलावा केस दर्ज तक किए जा रहे हैं। बावजूद इसके लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं कर रहे।
आंकड़ों पर नजर डालें तो शहर में रोज औसतन डेढ़ हजार चालान किए जा रहे हैं। फिर भी लोग नियम तोड़ रहे हैं। DCP ट्रैफिक प्रतीक गहलोत ने बताया कि 30 मार्च से पांच अप्रैल तक यह ड्राइव चलाया गया। इस दौरान चालान की यह कार्रवाई हुई।
जिले भर में एक हफ्ते तक चलाए गए ड्राइव में ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने 12 हजार 674 चालान किए। इस एवज में एक करोड़ 67 लाख 44 हजार 600 रुपये का जुर्माना किया। ट्रैफिक पुलिस टीमों की ओर से किए गए चालानों में रॉंग साइड ड्राइविंग के 1644, रोड मार्किंग के 677, बिना हेल्मेट राइड के1934, बिना सीट बेल्ट ड्राइविंग के 844, शराब पीकर वाहन चलाने के 472, गलत पार्किंग के 1451, डेंजरस यू-टर्न के 269, ट्रिपल राइडिंग के 180, ओवरस्पीडिंग के 31, ड्राइव करते हए मोबाइल के प्रयोग में 52, ध्वनि प्रदूषण के 34 और गलत लेन चेंज के 577 चालान शामिल हैं। इस दौरान #ChallanNahiSalamMilega अभियान के तहत सुरक्षा रथ से छह जगहों पर जागरूकता कार्यक्रम भी किए गए। पुलिस प्रशासन के अनुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

