n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला सोमवार को मोहना अनाज मंडी पहुंचे, जहां किसानों ने उन्हें गेहूं खरीद से जुड़ी अपनी समस्याओं से अवगत कराया। किसानों ने बताया कि वे अपनी फसल लेकर मंडी के गेट पर लंबे समय तक खड़े रहते हैं, लेकिन खरीद प्रक्रिया समय पर शुरू नहीं हो रही है। दुष्यंत चौटाला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश सरकार 1 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू होने का दावा कर रही है, जबकि मोहना मंडी में खरीद आज ही शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों मौसम परिवर्तन के कारण गेहूं की चमक प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार राहत देने की बजाय किसानों के दाम में कटौती कर रही है। उन्होंने मंडी में एंट्री व्यवस्था में व्यावहारिक खामियां होने का आरोप लगाते हुए कहा कि गेट पास और बायोमीट्रिक प्रक्रिया में भी कई दिक्कतें सामने आ रही हैं। किसानों को फसल की एंट्री और एग्जिट के संदेश भी समय पर नहीं मिल रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। चौटाला ने कहा कि बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं में नमी बढ़ गई है, ऐसे में प्रदेश सरकार को केंद्र से बात कर नमी की सीमा बढ़ाने और किसानों को राहत देने की मांग करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को उचित मूल्य और मुआवजा नहीं मिला तो जेजेपी प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। इस अवसर पर पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य तेजपाल डागर, प्रेम सिंह धनखड़, जग्गी मेंबर, युवा जिला अध्यक्ष पवन जाखड़, अनिल ख़ुटेला, नाहर सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

