प्रेम विहार की 40 झुग्गियों में लगी आग, कई सिलिंडर फटे

नवभारतटाइम्स.कॉम

पलवल के प्रेम विहार में सोमवार दोपहर झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई। करीब 30 से 40 झुग्गियां जल गईं। आग की चपेट में आने से कुछ लोग झुलसे। झुग्गियों में रखे गैस सिलिंडरों में धमाके हुए। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। खेल मंत्री ने प्रभावितों को मदद का आश्वासन दिया है।

palwal massive fire in prem vihar slum 40 houses burnt several cylinders burst panic ensues

n NBT न्यूज, पलवल

सोमवार दोपहर पुराना जीटी रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड के सामने प्रेम विहार की झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 30 से 40 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। आग की चपेट में आने से दो-तीन लोगों के झुलसने की बात सामने आई है, हालांकि किसी के गंभीर रूप से हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा। झुग्गियों में रखे गैस सिलिंडरों में एक के बाद एक धमाके हुए, जिससे आग और भड़क गई। बताया जा रहा है कि 10 से अधिक सिलेंडर फटने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन पुराना जीटी रोड पर जाम होने के कारण उन्हें पहुंचने में देरी हुई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झुग्गियों के पास पड़े कबाड़ से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में झुग्गियों में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। इसके अलावा आसपास खड़ी मोटरसाइकिलें, रेहड़ियां और अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गए। प्रभावित लोगों का कहना है कि उनके पास अब केवल वही कपड़े बचे हैं जो उन्होंने पहने हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही खेल मंत्री गौरव गौतम, डिप्टी कमिश्नर डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, सीएमओ सतिंदर वशिष्ठ और शहर थाना पुलिस सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। खेल मंत्री ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने और पीड़ितों के लिए भोजन व रहने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

रेकमेंडेड खबरें