nNBT न्यूज, पलवल : सदर थाना क्षेत्र के फुलवाड़ी गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक और उसके साथियों पर हमला किया गया। घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सदर थाना पुलिस ने घायल युवक के पिता की शिकायत पर 10 नामजद सहित 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फुलवाड़ी गांव निवासी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब तीन-चार दिन पहले उनके बेटे वंश की निशांत से कहासुनी हो गई थी। निशांत ने वंश को जान से मारने की धमकी दी। बीते चार अप्रैल को वंश अपने दोस्त मोहित और प्रिंस के साथ बाइक पर बामनीखेड़ा से अपने घर लौट रहा था। वंश बाइक पर उनके घर के सामने पहुंचा तो प्रदीप उर्फ पटवारी, ईश्वर, सुधीर, नीतीश, दीपांशु, निशांत, महेश, हिमांशु, सुनील और देवा सहित अन्य युवकों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने लाठी, डंडा, सरिया और चाकू से वंश पर हमला कर दिया। लड़ाई का शोर सुनकर वंश को बचाने मोहित और प्रिंस गए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस झगड़े में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। सदर थाना प्रभारी प्रकाशचंद का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

