टैंक में डूबने से हुई बच्चे की मौत में SDO और जेई सस्पेंड

नवभारत टाइम्स

पलवल के कैलाश नगर में खेलते समय एक 11 वर्षीय मासूम की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। इस गंभीर लापरवाही के चलते जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री ने सख्त कार्रवाई की है। एसडीओ प्रीति और जेई रामबीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

palwal child dies by drowning in tank sdo and je suspended minister takes strict action
पलवल के कैलाश नगर में 11 साल के बच्चे की वॉटर टैंक में डूबने से हुई मौत के मामले में सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने इस घटना को विभागीय अधिकारियों की बड़ी लापरवाही माना है। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए हैं। विभाग के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) हेमंत कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, एसडीओ प्रीति और कनिष्ठ अभियंता (जेई) रामबीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

यह दुखद घटना 26 फरवरी की शाम को हुई। शहर के कैलाश नगर इलाके में पीने के पानी की सप्लाई के लिए गोबिंद नगर में एक बूस्टिंग स्टेशन बनाया गया था। आरोप है कि इस बूस्टिंग स्टेशन के अंडरग्राउंड वॉटर टैंक पर ढक्कन नहीं लगाया गया था। इसी लापरवाही के चलते 11 साल का शिविम खेलते-खेलते इस खुले टैंक में गिर गया। पानी की गहराई ज्यादा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और उसकी डूबने से मौत हो गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला जा सका।
इस गंभीर मामले में पीड़ित बच्चे के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर, निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी हरिओम इंजीनियर मैसर्स होरिकाम इंजीनियर्स और सिल्पा होरिकाम जेवी, हैदराबाद के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। यह घटना सार्वजनिक सुरक्षा में बरती गई घोर लापरवाही को उजागर करती है और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को बल देती है।