युवती का गला रेतकर यमुना किनारे फेंक दिया था शव

नवभारत टाइम्स

बल्लभगढ़ के छांयसा में यमुना किनारे एक युवती का शव मिला था। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। युवती की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। सोशल मीडिया की मदद से शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

युवती का गला रेतकर यमुना किनारे फेंक दिया था शव
बल्लभगढ़ के छांयसा थाना क्षेत्र में यमुना नदी के पास 12 फरवरी को मिली एक 20 वर्षीय अज्ञात युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है। युवती की मौत अत्यधिक खून बहने से हुई। हत्यारे ने सबूत मिटाने के लिए शव को यमुना किनारे फेंक दिया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और युवती की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया है।

छांयसा गांव के रहने वाले राजू 12 फरवरी को यमुना नदी पर बने पंटून पुल के पास घूमने गए थे। तभी उन्होंने एक युवती का शव देखा और तुरंत पुलिस को खबर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन युवती की पहचान नहीं हो सकी।
इसके बाद, शव को बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। एनसीआर के विभिन्न थानों को भी सूचना भेजी गई। तीन दिन तक जब कोई भी युवती के परिजन या परिचित सामने नहीं आए, तो पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और एक सामाजिक संस्था को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।

सोमवार को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच तेज कर दी है। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि युवती ने नीले रंग का छापेदार सूट-कुर्ता और काले रंग का लोअर पहना हुआ था।

युवती की पहचान और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही हैं। पुलिस युवती की पहचान के लिए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों का भी सहारा लेगी। इसका मकसद इस सनसनीखेज हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा करना है। पुलिस का मानना है कि हत्यारे ने सबूतों को छिपाने की कोशिश की थी। युवती के गले पर गहरे घाव थे, जिससे काफी खून बह गया था और इसी वजह से उसकी मौत हुई। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।