Nbts All women Bike Rally On Womens Day Will Return Next Year With New Enthusiasm
राइडर्स बोलीं, अगले साल फिर लौटेंगे नए जोश, मेसेज के साथ
नवभारत टाइम्स•
महिला दिवस पर एनबीटी की ऑल वुमन बाइक रैली ने कनॉट प्लेस से इंडिया गेट तक वुमन पावर का जोश दिखाया। इस रैली में सैकड़ों महिला राइडर्स ने हिस्सा लिया। उन्होंने यह संदेश दिया कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।
महिला दिवस पर दिल्ली की सड़कों पर 'वुमन पावर' का जलवा दिखा। एनबीटी की ऑल वुमन बाइक रैली कनॉट प्लेस से इंडिया गेट तक निकली, जिसमें सैकड़ों महिला बाइकर्स ने हिस्सा लिया। इस मौके पर उन महिलाओं को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने पुरुषों के माने जाने वाले कामों में अपनी पहचान बनाई है।
नई दिल्ली में महिला दिवस के खास मौके पर एनबीटी की ओर से एक शानदार ऑल वुमन बाइक रैली का आयोजन किया गया। कनॉट प्लेस से इंडिया गेट तक निकली इस रैली में सैकड़ों महिला बाइक और स्कूटर राइडर्स ने जोश के साथ हिस्सा लिया। हेलमेट पहने और पूरे उत्साह में डूबी इन राइडर्स ने न सिर्फ राइड का भरपूर आनंद लिया, बल्कि यह भी दिखाया कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।इस खास आयोजन में उन महिलाओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया जिन्होंने समाज की पुरानी सोच को तोड़कर ऐसे कामों में अपनी जगह बनाई है, जिन्हें लंबे समय से सिर्फ पुरुषों का क्षेत्र माना जाता था। इनमें बस कंडक्टर, मेट्रो ट्रेन ऑपरेटर, रोडवेज बस ड्राइवर, कैब ड्राइवर, ट्रेन ड्राइवर, लोको पायलट और कम उम्र की पायलट जैसी प्रोफेशन से जुड़ी महिलाएं शामिल थीं।
इन महिलाओं की प्रेरणादायक कहानियां सुनकर रैली में मौजूद सभी लोगों को यह अहसास हुआ कि अगर हिम्मत और आत्मविश्वास हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं है। किसी ने दिल्ली की बसों में कंडक्टर बनकर अपनी पहचान बनाई, तो कोई रोज हजारों यात्रियों को मेट्रो और ट्रेन से उनकी मंजिल तक पहुंचा रही है। किसी ने सड़क पर बस या कैब चलाकर अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाली है। इन महिलाओं ने साबित कर दिया कि वे किसी से कम नहीं हैं।