बांग्लादेशी ने फर्जी दस्तावेज से बनवा लिए पासपोर्ट और आधार, गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम

लखनऊ में बीकेटी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारतीय पहचान पत्र और पासपोर्ट बनवाकर अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी शहर में क्लिनिक चलाकर लोगों का इलाज कर रहा था। पुलिस उसके मददगारों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

बांग्लादेशी ने फर्जी दस्तावेज से बनवा लिए पासपोर्ट और आधार, गिरफ्तार

nNBT न्यूज, लखनऊ : बीकेटी पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी को बुधवार तड़के गिरफ्तार किया है। आरोपित फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पहचान पत्र और पासपोर्ट हासिल कर शहर में रह रहा था। पुलिस ने उसे विपश्यना ध्यान केंद्र फ्लाईओवर के नीचे से पकड़ा है। आरोपित के कब्जे से आधार कार्ड और फोन बरामद हुआ है।

इंस्पेक्टर बीकेटी संजय सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान बांग्लादेश के देवभोग जिला नरैल निवासी अरूप बख्शी के रूप में हुई है। वह बीकेटी के मूसानगर अस्ती रोड इलाके में रह रहा था। अरूप 2012 में भारत आया था। बाद में बीकेटी में रहने लगा। जांच में सामने आया कि आरोपित ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए भारतीय मतदाता पहचानपत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट बनवा लिया था। इस मामले में एसआई योगेंद्र कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपित बीकेटी क्षेत्र में क्लिनिक चलाकर लोगों का इलाज करता था। इंस्पेक्टर बीकेटी संजय सिंह ने बताया कि आरोपित के दस्तावेज की सत्यता, उसके संपर्कों और संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पूछताछ में बोला बांग्लादेशी हूं : पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अरूप बख्शी ने स्वीकार किया कि वह बांग्लादेश का निवासी है और अवैध रूप से भारत में रह रहा था। उसने फर्जी दस्तावेज के जरिए भारतीय पहचान पत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट बनवाने की बात भी कबूल की। फिलहाल पुलिस उसके दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाले लोगों के नेटवर्क की जांच कर रही है।

रेकमेंडेड खबरें