n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से बुधवार को केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल, पीएनजी और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, बढ़ती बेरोजगारी तथा नीट पेपर लीक मामले को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पार्टी के जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। पेट्रोल-डीजल और गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमतों से हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। बलजीत कौशिक ने कहा कि देश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं।
वहीं नीट पेपर लीक मामले ने लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई और युवाओं के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि केंद्र सरकार पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों पर नियंत्रण करे, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराए और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
पेट्रोलियम पदार्थ के दामों में की गई वृद्धि के खिलाफ सेक्टर-12 स्थित जिला उपायुक्त कार्यालय पर कांग्रेसियों ने जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने किया। इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी जितेन्द्र बघेल भी शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ता सेक्टर-12 स्थित पेट्रोल पंप पर एकत्रित हुए और हाथों में सरकार के खिलाफ स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर बैलगाड़ी पर बाइक रखकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। इस दौरान जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त की अनुपस्थिति में तहसीलदार सुमेर सिंह को सौंपा।

