n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव : साइबर ठगों ने दो लोगों के खातों से करीब 1 लाख 78 हजार रुपये साफ कर दिए। साइबर क्राइम थाना मानेसर में दोनों मामलों में केस दर्ज किया गया है। पहली ठगी सादराणा की ढाणी के रहने वाले सुनील के साथ हुई। सुनील ने पुलिस को बताया कि 11 मई को उनके मोबाइल की स्क्रीन पर 'सिस्टम अपडेट' का नोटिफिकेशन आया। इसके बाद उनका फोन अपने आप करीब 15 मिनट तक अपडेट होता रहा। अपडेट पूरा होने के बाद जब सुनील ने देखा तो उनका फोन पूरी तरह फैक्ट्री रीसेट हो चुका था। इसके बाद जब उन्होंने अपना बैंक अकाउंट चेक किया, तो पता चला कि हैकर ने उनके एक्सिस बैंक के खाते से 92,000 रुपये उड़ा लिए थे। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।
सब्जी विक्रेता के खाते से निकाले 86 हज़ार: दूसरी घटना मोहम्मदपुर सेक्टर-36 में रहने वाले आनंद कुमार के साथ घटी। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जालौन के रहने वाले आनंद गुड़गांव में सब्जी की रेहड़ी लगाते हैं। आनंद ने बताया कि 7 जनवरी को वह दुकान पर थे, तभी उनके मोबाइल पर बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से लगातार रुपये कटने के मेसेज आने लगे, जबकि उन्होंने न तो किसी को ओटीपी दिया और न ही खुद कोई ट्रांजैक्शन की। साइबर ठगों ने फोनपे के जरिए छह बार में उनके खाते से 86,742 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने तुरंत अपना खाता ब्लॉक कराया और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

