n NBT न्यूज, गुड़गांव
देशभर में बुधवार को प्रस्तावित केमिस्ट हड़ताल का गुड़गांव में कोई असर देखने को नहीं मिला। जिले के सभी मेडिकल स्टोर सामान्य दिनों की तरह खुले रहे और दवाओं की बिक्री जारी रही। मरीजों और आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए गुरुग्राम केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट असोसिएशन ने हड़ताल से अलग रहने का फैसला किया था।
दरअसल, ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) ने ऑनलाइन दवा बिक्री समेत विभिन्न मांगों को लेकर देशभर के केमिस्टों से 20 मई को बंद का आह्वान किया था। संगठन का कहना है कि ऑनलाइन फार्मेसी और लगातार बदलते नियमों के कारण पारंपरिक दवा कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं, गुरुग्राम केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद मेहरोत्रा ने साफ किया कि जिले में मरीजों की जरूरतों को देखते हुए सभी मेडिकल स्टोर खुले रखने का निर्णय लिया गया था। छह-सात दुकानों को छोड़कर सभी मेडिकल स्टोर सामान्य दिनों की तरह खुले रहे। उनका कहना था कि यदि ऑनलाइन दवा कंपनियों से समस्या है तो उनके नेटवर्क और सप्लाई सिस्टम पर सख्त कदम उठाने चाहिए, न कि दवा सेवाएं बंद करनी चाहिए।

